कार्यकारिणी की 6 सीट में से सपा को 4 और भाजपा को सिर्फ 'एक' सीट

BAREILLY:

नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में एक बार फिर सपा ने मुख्य विरोधी भाजपा को धूल चटाते हुए बड़े अंतर से जीत दर्ज की। टयूजडे को निगम में कार्यकारिणी की 6 सीटों पर हुए चुनाव में सपा के खाते में जहां 4 सीटें आई। वहीं भाजपा को दो सीट पर जीत नसीब हुई। लेकिन इन दो सीटों पर मिली जीत ने भी भाजपा का मुंह कड़ुवा कर दिया। दरअसल इन दो सीटों में से सिर्फ एक पर ही पार्टी की ओर से चुना गया उम्मीदवार जीत दर्ज कर सका। जबकि दूसरी सीट पार्टी के बागी पार्षद विपुल अग्रवाल ने जीत हासिल की। ऐसे में भले ही टेक्निकली भाजपा के खाते में दो सीटे आई, लेकिन विरोधी पार्टी सपा कार्यकारिणी में भाजपा को सिर्फ एक सीट मिलना करार देकर अपनी बड़ी जीत का जश्न मना रही।

संतोष के गढ़ में एक सीट से संतोष

भाजपा का गढ़ माने जाने वाले बरेली में निगम के कार्यकारिणी चुनावों में पार्टी की शर्मनाक हार का सिलसिला इस बार भी जारी रहा। बरेली से सबसे ज्यादा बार लोकसभा चुनाव जीतने वाले भाजपा सांसद संतोष कुमार गंगवार के रहते हुए भी पार्टी के प्रदर्शन में सुधार नहीं हुआ। पिछले साल हुए कार्यकारिणी चुनाव में भी सपा ने एक तरफा जीत दर्ज करते हुए भाजपा को 5-1 से हराया था। वहीं इस बार भी कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा को व्यवहारिक तौर पर सिर्फ एक सीट से संतोष करना पड़ा रहा। निकाय स्तर पर पार्टी के अंदर मचे घमासान और फूट का फायदा इस बार भी सपा ने उठाया। इस बार नामित पार्षदों के चुनाव में हिस्सा न लेने के बावजूद सपा ने अपने 4 पार्षद जिताए। वहीं अपने सपोर्ट से एक बागी भाजपा पार्षद को चुनाव जीता, विरोधी खेमे को पिछली हार का कड़वा स्वाद इस बार भी चखाया।