-
बरेली (ब्यूरो)। शहर की तरह अब रूरल में भी पीआरवी नाइट मेंं महिलाओं के लिए मददगार बनेगी। इसके लिए नए साल से रूरल एरिया में तैनात डायल-112 में लेडी पुलिस की तैनाती होने जा रही है। इसके लिए लेडी कांस्टेबल्स से आवेदन मांगे जा रहे रहे हैं। रूरल एरियाज में महिलाओं के साथ हो रहीं घटनाओं के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। अब तक शहर की पीआरवी पर ही महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती थी। जो रात में किसी परेशनी से घिरी महिलाओं को घर तक पहुंचाती है। जल्द ही रुरल की महिलाओं को भी यह सुविधा और सुरक्षा मिलेगी।

49 पीआरवी पर होगी तैनाती
पुलिस की डायल-112 के नोडल अधिकारी शिव राज ने बताया कि देहात की पीआरवी पर जल्द ही महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके लिए महिला पुलिस कर्मियों से आवेदन मांगे गए हैं। जल्द ही देहात की पीआरवी पर महिला पुलिस कर्मियों को तैनात करा दिया जाएगा। पीआरवी पर रात में भी इनकी तैनाती रहेगी।

एक-एक पीआरवी से शुरुआत
डायल-112 के नोडल अधिकारी शिव राज ने बताया कि शुरुआत में सभी पीआरवी पर महिला पुलिस कर्मियों को तैनात नहीं किया जा सकता है। क्योंकि इतनी मात्रा में आवेदन मिलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अभी देहात के एक-एक थाने से इसकी शुरुआत की जाएगी। इसके बाद जैसे-जैसे आवेदन मिलेंगे वैसे वैसे पीआरवी पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

घर तक पहुंचाएगी पीआरवी
बता दें कि रात में अगर कोई महिला देहात क्षेत्र में अकेली कहीं जा रही हो और उसे सवारी वाहन नहीं मिल रहा हो या वह उसमें सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है तो वह डायल-112 पर कॉल कर अपनी परेशानी बता सकती है। इसके बाद उस एरिया की पीआरवी उस महिला को घर तक पहुंचाएगी। नोडल अधिकारी ने बताया कि पीआरवी पर महिला पुलिस कर्मी तैनात होने से महिलाओं का हौंसला बढ़ेगा और वह अपने को सुरक्षित महसूस करेंगी। वह आपात स्थित में रिस्क लेने की बजाए डायल-112 पर कॉल कर सकती हैं। इसे महिला अपराध के मामलों में काफी कमी भी आएगी।


आठ पीआरवी पर तैनात हैं लेडी सिपाही
शहर के नौ थानों पर कुल 27 पीआरवी में से 8 पीआरवी पर महिला पुलिस कर्मी तैनात हैं। शहर के नौ थानों में से आठ थानों की एक-एक पीआरवी पर महिला पुलिस कर्मी तैनात हैं जिनकी ड्यूटी रात में भी पीआरवी पर रहती है। जो रात के समय में महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने का भी कार्य करती हैं।

मिली थी 84 पीआरवी
जिले को डायल-112 की 84 वैन मिली थी। इसमें से 80 पीआरवी को शुरू कराया गया था, जबकि चार पीआरवी को रिजर्व में रखा गया था। मौजूदा समय में 76 पीआरवी ही रनिंग मोड में हैं, जबकि रिजर्व में कोई भी गाड़ी नहीं है। अन्य आठ पीआरवी हादसों को शिकार होने की वजह से कबाड़ हो गई हैं। जबकि कुछ गाडिय़ां खराब होने की वजह से लाइन और थानों में खड़ी हैं।



देहात क्षेत्र की पीआरवी पर महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके लिए महिला पुलिस कर्मियों से आवेदन मांगे जा रहे हैं। महिला अगर रात के समय में मदद मांगती हैं, तो उन्हें तुरंत ही मदद पहुंचाई जाएगी।
शिव राज, नोडल अधिकारी, डायल-112