- पीताम्बर स्टेशन पर बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, रेलवे अधिकारियों में मचा हड़कम्प

- बरेली जंक्शन और चंदौसी जीआरपी में पीडि़त महिलाओं ने दी तहरीर

BAREILLY:

लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में बदमाशों ने 6 महिला यात्रियों के पर्स लूट लिए। पीताम्बरपुर रेलवे स्टेशन पर पर फ्राइडे रात हुई इस वारदात से डीआरएम ऑफिस तक हड़कम्प मच गया। महिलाओं के बैग में गहने और नकदी थी। शोर सुनकर यात्रियों ने चेन पुलिंग की। हालांकि, तब तक बदमाश भाग चुके थे। गार्ड और लोको पायलट को लूटपाट के बारे में बताया गया। लूट की शिकार एक महिला ने बरेली जंक्शन जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जबकि अन्य पीडि़ताओं ने चंदौसी जीआरपी थाने में तहरीर दी है।

ट्रेन चली और वारदात को दिया अंजाम

लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस कैंट रेलवे स्टेशन से रामगंगा वाया चंदौसी होकर जाती है। लखनऊ के अलीगंज की कपड़ा व्यापारी रमा सिंह भी इसी ट्रेन में सफर कर रही थीं। रमा सिंह का कहना है कि फ्राइडे रात करीब 3:20 बजे ट्रेन पीतांबरपुर में रुकी, जिस कोच में वह सवार थीं, उस कोच के सामने ही प्लेटफार्म पर चार युवक बैठे थे। जैसे ही ट्रेन चली चारों युवक खिड़की पर आकर महिला का बैग खींचने लगे। इसी बीच दो युवक कोच के अंदर आ गए। छीना झपटी में बदमाशों ने उनको धक्का दे दिया। रमा का हाथ खिड़की से जा टकराया। हाथ में चोट लगने से बदमाश बैग छीनने में कामयाब हो गए। इसके बाद बदमाशों ने कोच में सवार पांच अन्य महिलाओं के बैग भी लूट लिए।

बैग में थे 65 हजार रुपए

रमा के बैग में 65 हजार रुपये और कुछ कागज थे। वहीं, अन्य महिलाओं के बैग में नकदी के साथ गहने भी थे। शोर हुआ तो कोच में सवार यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी। इसी दौरान लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। इसके बाद यात्रियों ने गार्ड और लोको पायलट को सूचना दी। फिर कंट्रोल को बताया गया। लूट की सूचना अधिकारियों तक पहुंची तो हड़कम्प मच गया। रेलवे अधिकारियों के साथ बरेली जंक्शन जीआरपी भी आनन-फानन में पीताम्बरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। तब तक बदमाश भाग चुके थे। बदमाशों की तलाश के लिए जीआरपी ने दो टीमें लगाई हैं। हालांकि, अभी तक बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सहा है।

पीतांबरपुर रेलवे स्टेशन पर महिलाओं के पर्स छीनने की सूचना आई थी। टीम को रात में ही भेजा गया। दो टीमें जांच पड़ताल में लगी हैं। जल्द ही लुटेरों को पकड़कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।

विजय कुमार, इंस्पेक्टर, जीआरपी बरेली जंक्शन