- राहुल गांधी का मूर्तियों पर माल्यार्पण का कार्यक्रम हुआ रद

- राहुल के शहर आगमन को लेकर विचार मंथन में जुटे रहे कांग्रेसी

BAREILLY:

स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लाल शास्त्री के परिवार से शहर आ रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी मुलाकात करेंगे। शहर के बड़ा बाजार में शास्त्री जी का मकान है। सूत्रो की मानें तो राहुल गांधी शास्त्री के परिवार से मिल कर उनका हालचाल लेंगे। देश की आजादी में लाल शास्त्री ने काफी अहम भूमिका निभायी थी। कांग्रेस से भी जुड़े रहे। राहुल गांधी के शहर आगमन को लेकर मंडे को कांग्रेसी विचार मंथन में जुटे रहे।

रोड शो के दौरान जाएंगे

कांग्रेसियों का कहना है कि रोड शो के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल जी का इनके घर जाने का प्लान है। इनके यहां दोपहर का लंच भी कर सकते हैं। राहुल गांधी ट्यूजडे रात दस बजे के करीब शहर पहुंच जाएंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का 28 सितम्बर को शहर में रोड शो के दौरान करीब 40 स्थानों पर भव्य स्वागत किया जाएगा। कांग्रेस की किसान यात्रा के तहत राहुल गांधी ट्यूजडे को पुवायां (शाहजहांपुर) में खाट सभा करेंगे। उसके बाद बीसलपुर में शाम को जनसभा करने के बाद भुता मार्ग से शहर पहुंचेंगे।

दर्शन के बाद शुरू होगा रोड शो

ट्यूजडे रात्रि विश्राम के बाद वेडनसडे सुबह धोपेश्वर नाथ मंदिर, चौकी चौराहा गुरुद्वारा और फिर आला हजरत दरगाह में हाजिरी भरने के बाद शहामतगंज स्थित आजाद इंटर कॉलेज के ग्राउंड से रोड शो करेंगे। उनके रोड शो की सफलता और पूरे मार्ग में उनके जोरदार स्वागत की तैयारियों के लिए मंडे को कांग्रेसियों ने मंडल प्रभारी यूसुफ कुरैशी की अध्यक्षता में आलमगिरिगंज स्थित एक होटल में बैठक की। महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम मियां ने बताया कि रोड शो के दौरान करीब 40 स्थानों पर राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया जाएगा। सभी प्वाइंट निर्धारित कर पदाधिकारियों को आवंटित कर दिए गए हैं। हर प्वाइंट पर कुछ पदाधिकारी अन्य कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहेंगे।

मूर्तियों पर माल्यार्पण का कार्यक्रम रद

प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति मिल गई है। वेडनसडे को सुबह के कार्यक्रम में थोड़ी तब्दीली की गई है। धोपेश्वर नाथ मंदिर और गुरुद्वारा में दर्शन के बाद चौकी चौराहा व कोतवाली के सामने मूर्तियों पर माल्यार्पण का कार्यक्रम रद किया गया है। चौकी चौराहा से राहुल गांधी सीधे दरगाह आला हजरत जाएंगे। तैयारियों को लेकर हुई बैठक में महत्ता नहीं दिए जाने पर कुछ कांग्रेसी भड़क गए। चुनाव संचालन समिति के जिला प्रभारी अयाज बाबा समेत अन्य ने कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को भी विश्वास में लेने को कहा। बड़े कार्यक्रम से उन्हें अलग नहीं किए जाने की मांग की। उनकी बात पर मंडल प्रभारी ने सहमति जताते हुए सभी को साथ लेकर चलने को कहा। इसके बाद स्वागत स्थल पदाधिकारियों को आवंटित किए गए।