- राम बारात में हुरियारों ने राहगीरों को रंगों से नहलाकर, गले मिलकर दी होली की बधाई

- बानखाना के लोगों ने मतभेदों को भुलाकर हिन्दू- मुस्लिम एकता की कायम की मिसाल

BAREILLY: जय श्री राम जयघोष, रंगों की तेज फुहार, जोश में नाचते गाते हुरियारे, मस्ती की बौझार पर झूमते हुड़दंगी, जोगिरा सा रा रा राकुछ ऐसा ही नजारा रहा होली की पूर्वसंध्या पर सिटी का । घरों, दुकानों, गाडि़यों की छतों, सड़कें, चौराहे और गलियों समेत शायद ही कोई ऐसी जगह हो जहां, हुरियारों की फौज गुजरने वालों पर रंगों की बारिश न कर रही हो। इसमें सभी धर्मो व संप्रदायों के लोगों ने बढ़ चढ़कर भागेदारी की। बड़ी बमनपुरी पर आयोजित रामलीला के क्रम में वेडनसडे को राम बारात निकाली गई। होली के पहले ही होली की दस्तक हुई।

गिले शिकवे भुल जाओ

वेडनसडे को सतरंगी सूर्योदय हुआ। राम बारात के दौरान राहगीरों को को रंगने की मानो होड़ सी रही। बच्चों के साथ बड़े भी रंगीन दिखे। राहगीरों में से कुछ ने इसका बुरा न माना, तो कुछ ने तहे दिल से स्वागत किया। होली की मस्ती में चूर हुरियारों ने बुरा मानने वालों को गले लगाकर गिले शिकवे दूर कर लिए। फिर, 'बुरा न मानो होली है' का जुमला लोगों की जुबान पर आया तो चेहरे पर मुस्कान का पुट लिए सब बढ़ चले। बेशक होली रंग खेलने का ही पर्व नहीं बल्कि खुद को औरो से जोड़ने का भी पावन पर्व है। जिसमें श्री रामलीला सभा के सभी पदाधिकारियों समेत करीब दस हजार से ज्यादा संख्या में हुरियारे मौजूद रहे।

कबीरा सा रा रा रा

राम बारात के स्वागत को समितियों ने पुष्पवर्षा के अरेंजमेंट्स कर लिए थे। नरसिंह मंदिर में पूजन आरती के बाद राम बारात सिंहासन रवाना हुआ। इसमें नरसिंह भगवान समेत अन्य देवी देवताओं की करीब पांच झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सिंहासन से सभा अध्यक्ष मुनीष शर्मा प्रसाद वितरण कर रहे थे। करीब 40 से ज्यादा स्थलों पर बारात का समितियों ने स्वागत किया। श्री नाथ नगरी जलाभिषेक समिति, श्री नाथ नगरी सेवा समिति, मानव सेवा क्लब, उप्र। कौमी एकता संस्था, युवा लोधी सभा, बरेली एकता समिति समेत करीब 14 समितियों ने राम बारात पर पुष्पवर्षा की।

बारात ने रोका सफर

हुरियारों पर लोगों ने पंप के जरिए रंगों की बौझार की। वहीं, जवाबी हमले में हुरियारों ने भी लोगों को रंगों से सराबोर किया। डीजे, म्यूजिकल ग्रुप, भांगडा, बैंड बाजों से गुलजार बारात में होली सेलीब्रेशन की धुने बजती रहीं। राम बारात के गुजरने वाले रूट पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। करीब 4 घंटे तक रामलीला के रूट पर जाम लगा रहा। इसमें बड़ी बमनपुरी, कुतुबखाना, कोहाड़ापीर, कोतवाली, नॉवेल्टी चौराहा, पुराना बसअड्डा, कालीबाड़ी, शहामतगंज, बड़ा बाजार, मठ की चौकी, शहदाना, कुंवरपुर और चमन मठिया पर राम बारात के गुजरने तक घंटों तक जाम लगा रहा।