- शहर में देर शाम पहुंचे भाजपा सांसद वरुण गांधी भ्रष्टाचार पर जमकर बोले

- रोटरी क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष को दी बधाई, समर्थकों में दिखा उत्साह

BAREILLY: 'देश की जनसंख्या का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। गरीबी बढ़ रही है, क्योंकि सीमित संसाधनों का लाभ बढ़ी हुई जनसंख्या को नहीं मिल पा रहा है। गरीब भूखे हैं। इतिहास गवाह रहा है कि क्रांति की शुरुआत बंदूक से नहीं, बल्कि भूख से होती है.' यह कहना था भाजपा सांसद वरुण गांधी का। वेडनसडे को रोटरी क्लब ऑफ बरेली में चीफ गेस्ट के तौर पर शिरकत करने पहुंचे वरुण गांधी ने भ्रष्टाचार पर जमकर बोले। उन्होंने क्षेत्रीय दलों के नेताओं से लेकर विदेशों की सरकार तक पर तीखा प्रहार किया। इस मौके पर रोटरी क्लब ऑफ बरेली के सभी मेंबर्स व अन्य बीजेपी नेता मौजूद रहे।

नेता कभी गिरफ्तार नहीं होते

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दलों के नेता शिबू सोरेन, जय ललिता समेत अन्य पर आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई जांच की जा रही है। लेकिन इन्हें सजा नहीं हो पाई। जबकि हाल ही में आईएएस अरविंद आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में जेल में हैं। वहीं, 2 जी मामले को निशाना बनाते हुए उन्होंने कांग्रेस के ए राजा, कनिमोझी व अन्य को भी कटघरे में खड़ा किया।

देश दिवालिया होने की कगार पर

भ्रष्टाचार पर हमला करते हुए उन्होंने बताया कि जल्द ही देश दिवालिया हो जाएगा। क्योंकि देश पर करीब 11.5 लाख करोड़ रुपए का विदेशी बैंकों का कर्जा है। जो कि देश की सकल आय का 36 परसेंट है। और यह स्थिति केवल भ्रष्टाचार की वजह से हुई है। भ्रष्टाचार में सभी रंगे हुए हैं। लेकिन कोई किसी पर ऊंगली नहीं उठा रहा, क्योंकि बाकी की चार ऊंगलियां खुद उन्हें ही भ्रष्टाचारी साबित कर देंगी।

आरक्षण बढ़ा रहा भ्रष्टाचार

आयोजित इंस्टालेशन सेरेमनी के दौरान उन्होंने आरक्षण को भी भ्रष्टाचार का बड़ा कारण बताया। कहा कि जब मेहनत करने के बाद भी नौकरी हासिल नहीं होगी, तो मेधावी भी जुगाड़ का रास्ता ढूंढ़ते हैं। जिसकी वजह से भ्रष्टाचार की शुरुआत होती है। राजस्व की अलमारी की चाबी उसे सरकारी नौकरी के जरिए हासिल हो जाएगी। चाहे वह चपरासी का पद हो या ब्यूरोक्रेसी जैसा प्रमुख पद। यही भ्रष्टाचार ऐसे ही फैलता रहा तो एक दिन देश फिर से गुलाम हाे जाएगा।

अफरा-तफरी का रहा माहौल

शहर में प्रवेश करने के साथ ही वरुण गांधी का बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं की ओर से सिविल लाइंस स्थित होटल में किया। यहां पर वरुण गांधी की एक झलक पाने के लिए भारी संख्या में समर्थकों और नेताओं की भीड़ मौजूद रही। मंच से उन्होंने लोगों को हौसलाफजाई की और मौजूद युवाओं को देश की स्थिति बदलने की सलाह दी। वहीं इंस्टालेशन सेरेमनी में नवनिर्वाचित रोटरी क्लब ऑफ बरेली के अध्यक्ष विनय कृष्ण, उपाध्यक्ष सुमित अरोड़ा, नरेश मलिक संजीव औतार अग्रवाल, आत्मसरन अग्रवाल व अन्य को बधाई दी। उन्होंने रोटरी के कार्यो की सराहना के साथ ही भ्रष्टाचार को मिटाने की मुहिम चलाने का सुझाव दिया।