- चौकी से गांधी उद्यान तक निकाला रूट मार्च

- हाइवे जाम के बाद आज रोकेंगे रेल

BAREILLY:

एक्साइज ड्यूटी से सेस हटाने की मांग को लेकर संडे सुबह बड़ी संख्या में सर्राफा व्यावसायी सड़क पर उतरे और हाईवे जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटा तक आवागमन प्रभावित रहा। लिहाजा, पुलिस को व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर डटना पड़ा। इस दौरान व्यापारियों ने केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाए। उनका कहना था कि सरकार जब तक सेस को वापस नहीं लेती वह आंदोलन जारी रखेंगे। सड़क जाम करने से पहले व्यापारियों ने साहूकारा में एक मीटिंग की। फिर, चौकी चौराहा से गांधी उद्यान तक रूट मार्च निकाला।

सर्राफा व्यापारियों की हड़ताल दिन-ब-दिन बड़ा रूप अख्तियार करती जा रही है। पिछले 27 दिन से हड़तालरत व्यापारी संडे सुबह करीब साढ़े 11 बजे सड़क पर उतरे तो चौकी चौराहा का ट्रैफिक ठिठक गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने हाइवे जाम न करने का अनुरोध किया, लेकिन नाराज व्यापारियों ने अधिकारियों की एक न सुनी। वह हाथ में पोस्टर लिए व्यापारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। हाइवे जाम की सूचना पाकर मौके पर पुलिस के जवान भी पहुंच गए। उन्होंने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारियों ने उनकी एक न सुनी। हाइवे जाम के चलते गाडि़यों की लंबी लाइन लग गयी। जिसके चलते पुलिस के जवानों ने बियावान कोठी के पास बैरीकेडिंग कर वाहनों को दूसरे रूट्स से गुजारना शुरू किया।

आज रोकेंगे रेल

हाइवे जाम करने के बाद व्यापारियों ने रेल रोकने का फैसला लिया है। मंडे को सर्राफ व्यापारी सुबह 11 बजे एक मीटिंग करेंगे। उसके बाद इकट्ठा होकर रेल रोको प्रदर्शन करेंगे। बरेली महानगर सर्राफ एसोसिएशन के प्रेसीडेंट संदीप अग्रवाल ने बताया कि अभी हड़ताल खत्म होने का कोई चांस नहीं है। हेड एसोसिएशन के पदाधिकारियों का जैसा निर्देश आएगा वैसा किया जाएगा।