- महिलाकर्मी और अधिकारी ने एक-दूसरे पर लगाए अभद्रता के आरोप

- महिलाकर्मी के परिजनों ने किया हंगामा, पीडी ने दिए जांच के निर्देश

BAREILLY:

समाज कल्याण विभाग में फ्राइडे को महिलाकर्मी नीतू सिंह और समाज कल्याण अधिकारी आमने-सामने आ गए। दोनों ने एक-दूसरे पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। घंटों तक चले बवाल की आहट पीडी तक पहुंची। जिस पर पीडी साहित्य प्रकाश मिश्र ने दोनों पक्षों की बात सुनी और उन्होंने विकास भवन वूमेन सेल को मामले की जांच के निर्देश दे दिए। सेल को 3 दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके आधार पर कार्रवाई होगी।

ऑफिस ओपन होते ही हुआ हंगामा

समाज कल्याण विभाग में फ्राइडे सुबह करीब साढ़े दस बजे महिलाकर्मी नीतू सिंह समाज कल्याण अधिकारी आरसी गुप्ता के पास पहुंची। आरोप है कि अधिकारी ने छुट्टी देने से इनकार कर दिया। जिस पर दोनों में बहस होने लगी। अधिकारी के मुताबिक नीतू ऑफिस की बातें सार्वजनिक करती हैं। इसी को लेकर दोनों में नोकझोंक हुई। बात बढ़ी तो मामला हाथापाई तक पहुंच गया। ऐसे में अधिकारी ने महिला को कमरे में बंद कर बाहर निकल गए। इसी बीच महिला ने अपने परिजनों को बुला लिया। हंगामा बढ़ते देख अन्य ऑफिसेज के भी लिपिक और अधिकारियों की भीड़ लग गई। महिला ने अधिकारी पर हाथ पकड़ने और कमरे में बंद करने का आरोप लगाया है।

तीन दिन बाद होगी कार्रवाई

मामला पीडी साहित्य प्रकाश मिश्र तक पहुंचा तो उन्होंने दोनों पक्ष की बातें सुनी। महिलाकर्मी ने अधिकारी देर रात फोन करने का आरोप लगाया। वहीं, महिला सहकर्मी ने भी अधिकारी पर कई आरोप लगाए हैं। तो दूसरी ओर, समाज कल्याण अधिकारी ने महिलाओं की बातों को झूठ बताया। कहा कि वह काम नहीं करना चाहती हैं। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद महिला उत्पीड़न निवारण समिति अध्यक्ष रेखा गुप्ता को जांच सौंप गई। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जगमोहन सिंह को तीन दिन में पूरे मामले की रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए। साथ ही, अन्य विभागों के कर्मचारियों और अधिकारी को दोबारा ऐसा वाकया होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

महिला कर्मचारी काम नहीं करना चाहती हैं। जवाब मांगा तो उल्टे आरोप लगा दिए। इस मामले को उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

आरसी गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी

दोनों पक्षों से लिखित शिकायत लेकर उनकी जांच के निर्देश दे दिए हैं। जांच के बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

साहित्य प्रकाश मिश्र, पीडी, डीआरडीए