- आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 50 करोड़ की टैक्स वसूली का टारगेट

- करीब डेढ़ लाख करदाताओं को नोटिस भेजने की तैयारी

फैक्ट फाइल

- 35 करोड़ रुपए वर्ष 2019-20 में टैक्स वसूली का टारगेट

-29 करोड़ रुपए टैक्स की हो सकी वसूली

- 6 करोड़ लॉकडाउन के चलते रहे गया था पें¨डग

- 50 करोड़ है वर्ष 2020-21 में टैक्स वसूली का टारगेट

- 31 मार्च 2021 तक का समय है निर्धारित

- 1.70 लाख के करीब हैं करदाता

बरेली : कोरोना से जंग जीतने के लिए शासन से लेकर प्रशासन तक सभी लगातार प्रयास कर रहे हैं। नगर निगम भी कोरोना से जंग जीतने के लिए कोशिश कर रहा है, लेकिन नगर निगम की इस कोशिश में बजट की कमी आड़े न आए इसके लिए अफसरों ने नगर निगम का राजस्व बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए आगामी वित्तीय वर्ष में हाउस टैक्स वसूुली का टारगेट भी बढ़ा दिया गया है। साथ ही करदाताओं को छूट भी दी जा रही है। जिससे बरेलियंस समय से टैक्स जमा कर छूट का लाभ लेने के साथ ही कोरोना से जंग में अपना सहयोग दे सकें।

400 करोड़ का बनाया बजट

हाल ही में हुई कार्यकारिणी की बैठक में 400 करोड़ का बजट कोविड-19 के प्रकोप से शहरवासियों को सुरक्षा और विकास कार्यों के लिए प्रस्तावित कर दिया गया है। ऐसे में निगम पर राजस्व का संकट गहराने लगा है इस संकट से निपटने के लिए निगम प्रशासन ने टैक्स वसूली की कवायद शुरू कर दी है।

यह है टैक्स वूसली का टारगेट

निगम के अफसरों के अनुसार वर्ष 2021 मार्च तक 50 करोड़ की टैक्स वसूली का टारगेट निर्धारित किया गया है। टैक्स विभाग को निर्धारित समय में ही टारगेट को अचीव करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिसके लिए विभाग की ओर से जल्द टीमें भी गठित की जाएंगी।

जेनरेट होने लगे बिल

कोरोना के प्रकोप के चलते लॉकडाउन लागू होने के कारण सभी सरकारी विभागों में चल रहे कार्यों पर रोक लगा दी गई थी, लेकिन अब प्रशासन के आदेश के बाद नगर निगम ने बरेलियंस को टैक्स के बिल थमाने की तैयारी पूर्ण कर ली हैं, निगम ने करीब डेढ़ लाख करदाताओें के बिल तैयार किए हैं जो कि जल्द ही करदाताओं को भेजे जाएंगे।

जनता हित का भी ध्यान

कोरोना महामारी के संकट से हर कोई प्रभावित है इस कारण निगम ने अपने हित के साथ ही जनता हित की नीति तैयार की है। वर्तमान में अगर बरेलियंस अपने सीवर, जल और हाउस टैक्स का भुगतान करते हैं तो उन्हें 10 परसेंट की छूट भी दी जाएगी। अफसरों की माने तो अग्रिम आदेश तक यह छूट का प्रावधान जारी रहेगा।

ऐसे कर सकेंगे टैक्स भुगतान

निगम की ओर से शहरवासियों की सहूलियत के चलते नई व्यवस्थाएं लागू की हैं, लोग नगर निगम की बेवसाइट पर जाकर ऑनलाइन भी टैक्स का भुगतान कर सकते हैं वहीं जिन लोगों को बिल निगम का कर्मचारी लेकर जाएगा वह अपने साथ ई-पॉश मशीन लेकर जाएगा जिससे कर दाता मशीन के माध्यम से डिजीटल पेमेंट भी फौरन कर सकते हैं इसके अलावा कर दाता निगम आकर यहां बने कैश काउंटर पर भी भुगतान कर सकते हैं।

आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 50 करोड़ का टैक्स वसूली टारगेट निर्धारित किया गया है। इसके तहत बिल जनरेट करने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही बिल जारी किए जाएंगे। वहीं जनता हित के तहत वर्तमान में टैक्स का भुगतान करने वाले 10 परसेंट छूट का लाभ ले सकते हैं।

विवेक त्रिपाठी, सहायक नगर आयुक्त