गोरखपुर (ब्यूरो).सोनइचा निवासी शमशेर बहादुर की शादी 2018 में बांसगांव के नवला हरनही निवासी सुमन के साथ हुई थी। दोनों का एक छोटा बच्चा भी है। पति और पत्नी के बीच संबंध अच्छे न होने पर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता है। शुक्रवार को भी उनके बीच में विवाद हुआ। सुमन ने इसकी सूचना अपने मायके में दी। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे मायके के लोग पहुंचे। तभी कहासुनी होने पर मारपीट हो गई। इसके बाद दामाद शमशेर बहादुर ने लाइसेंसी असलहे से फायरिंग कर दी।

मारपीट और फायरिंग में पांच लोग हुए घायल

गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में सुमन के मायके के प्रदीप, रंदीप, लालजी, फूलचंद और अजय घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी शमशेर की पत्नी सुमन की तहरीर पर शमशेर सहित 10 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। लाइसेंस बंदूक को कब्जे में लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

घटना की सूचना पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लाइसेंसी बंदूक भी पुलिस के कब्जे में है।

संजय कुमार सिंह, एसएचओ गगहा