- कैबिनेट मिनिस्टर का वेलकम करने पहुंचे भाजपा विधायक
- कानाफूसी के लोग निकाल रहे अलग अलग मायने मतलब
GORAKHPUR : प्रदेश सरकार के कैबिनेट मिनिस्टर शिवपाल सिंह की आगवानी में भाजपा विधायक विजय बहादुर यादव भी पहुंचे। मंत्री से नजदीकी को लेकर राजनीतिक हलके में सरगर्मी रही। विधायक की मौजूदगी से चर्चाओं की चिंगारी भड़क उठी। हालांकि विधायक ने सभी आशंकाओं को एक सिरे से खारिज कर दिया। कहा कि जनता को विकास चाहिए। नजदीकियों के चलते ही विकास के ठप पड़े कामों को पूरा कराने के लिए प्रदेश सरकार ने बजट जारी किया।
मंत्री से करते रहे कानाफूसी
जिले में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए कैबिनेट मिनिस्टर शिवपाल सिंह यादव का जोरदार स्वागत हुआ। हेलीपैड पर सपा जिलाध्यक्ष डॉ। मोहसिन खां के साथ-साथ सपा के दिग्गज पहुंचे। सभी लोगों के बीच गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विजय बहादुर यादव भी पहुंचे। प्रोग्राम के दरम्यान ज्यादातर समय विजय बहादुर ने कैबिनेट मिनिस्टर से बात की। कई बार कानाफूसी भी हुई। विधायक की मौजूदगी को लेकर दूसरे दलों में खलबली मच गई। भाजपा से जुड़े लोग भी इसके मायने मतलब समझने में लग गए।
पाला बदलने के मूड में कई दिग्गज
जिले के कई दिग्गज पाला बदलने के मूड है। आंतरिक कलह, सत्ता परिर्वतन और तालमेल के लिए लोग ठांव तलाश रहे हैं। बसपा से जुड़े एक बड़े नेता जहां बदलाव के मूड में हैं। वहीं भाजपा से जुड़े कुछ नेता भी हेरफेर के चक्कर में हैं। इनमें कुछ ने आंतरिक प्रयास शुरू कर दिए हैं। विधान परिषद और विधान सभा देख चुके कुछ भी नेता भी सही मौके की तलाश में हैं।
कैबिनेट मिनिस्टर से नजदीकी का फायदा जनता को मिल रहा है। रुके ह़ुए विकास कार्यो के लिए उन्होंने बजट जारी किया। विधायक होने के नाते मेरा फर्ज बनता है कि जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रयास किया जाए।
विजय बहादुर यादव, एमएलए ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र