- प्रधान के भतीजे पर किया था हमला

- शनिवार की शाम मतदान बाद हुई घटना

GORAKHPUR: राउतपार में प्रधान के भतीजे पर हमले के आरोप में शनिवार की देर रात मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने मुख्य आरोपी पंकज शाही सहित 13 के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस का कहना है चुनाव में बवाल करने के सभी आरोपी जेल जाएंगे। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है।

मतदान बाद किया हमला

राउतपार प्राथमिक स्कूल की चाबी प्रधान तेज बहादुर के भतीजे मनीष के पास रहती है। शनिवार की शाम स्कूल में बने बूथ 56, 57 पर मतदान खत्म हुआ तो मनीष ताला बंद करके घर जाने लगा। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी पंकज शाही और उसके समर्थकों ने मनीष पर हमला कर दिया। चुनावी रंजिश को लेकर लोगों ने उसकी पिटाई की। गंभीर हाल मनीष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पिता ने दर्ज कराया मुकदमा

मनीष के पिता राजेश शाही ने पुलिस को तहरीर दी। बेटे पर गोलबंद होकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पंकज शाही, उसके सगे भाइयों नीरज, राजन, पिता राजेंद्र शाही, चाचा वीरेंद्र, सुरेंद्र और प्रमोद के साथ-साथ चचेरे भाइयों चंदन, बिट्टू, मंटू और दो अन्य अज्ञात सहित 13 के खिलाफ बलवा, मारपीट, जानलेवा हमला सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस की कार्रवाई से पंकज शाही और उसके समर्थकों को सांप सूंघ गया है। खुद को सपा में प्रभावशाली बताने वाले पंकज ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जुगाड़ लगाना शुरू कर दिया है।

आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। इसके लिए अलग से टीम बनाई गई है।

- अजय कुमार ओझा, एसओ, गगहा