- 39 पेशेंट में से 21 डेंगू की पुष्टि

- सिटी और गोरखनाथ अस्पताल में चल रहा इलाज

GORAKHPUR : गोरखपुर में डेंगू के मरीज सामने आने का सिलसिला जारी है। डेंगू की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। इसे लेकर विभाग को पूरी तरह से अलर्ट कर दिया गया है। जिला अस्पताल, गोरखनाथ और सिटी के अन्य प्राइवेट हॉस्पिटलों में मरीजों का इलाज चल रहा है। 19 अगस्त से लेकर अब तक जेई लैब में 39 पेशेंट की जांच की गई। इसमें से 21 पेशेंट में डेंगू की पुष्टि की गई है।

डॉक्टर, कर्मचारी हुए तैनात

डेंगू की बीमारी फैलने की सूचना पर अस्पताल प्रशासन ने जिले के विभिन्न स्थानों से जांच के लिए खून के सैंपल लिए। सभी के सैंपल जिला अस्पताल भेजे गए हैं। मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी के साथ ही प्रशासन को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। अस्पताल प्रशासन ने आनन-फानन में अपनी ओर से तैयारियां पूरी कर ली है। साथ ही डॉक्टर-कर्मचारियों को इसके लिए तैनात कर दिया गया है। जिला अस्पताल के जेई लैब में डेंगू के छह पेशेंट की जांच की गई। इसमें से दो की पुष्टि हुई है। इसके शिकार सहजनवां मुंडा निवासी दीपक और शाहपुर शताब्दीपुर के विवेक कुमार वर्मा शामिल है।

पांच ने तोड़ा दम

बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों का सिलसिला जारी है। 24 घंटे में पांच और मासूमों ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इंसेफेलाइटिस वार्ड में 15 नये मरीजों को एडमिट किया गया है। इंसेफेलाइटिस से मरने वालों में पश्चिमी चंपारण की मुस्कान (10), सीवान के सूरज (11), गोरखपुर के राजधानी खास के अमन (14), महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा की नगमा (2) और सिद्धार्थनगर के भवानीगंज के शहाबुद्दीन (12) शामिल हैं। जबकि भर्ती होने वालों में गोरखपुर के छह, देवरिया के चार, बिहार के तीन, महराजगंज और कुशीनगर के एक-एक मरीज हैं। वहीं जनवरी से लेकर अब तक 988 मरीजों को इलाज के लिए एडमिट किया गया। इसमें से 203 मरीजों की मौत हो गई जबकि नेहरू चिकित्सालय में 138 मरीजों को इलाज किया जा रहा है।

डेंगू के बढ़ रहे पेशेंट्स के लिए व्यवस्था कर दी गई है। डॉक्टर्स और स्टाफ नर्स की तैनाती कर दी गई है।

डॉ। एचआर यादव, एसआईसी