- खजनी एरिया के भिटहां की घटना

- डांस करने को लेकर हुआ था विवाद

GORAKHPUR: खजनी एरिया के भिटहां में डीजे पर डांस को लेकर घराती-बराती भिड़ गए। नशे में धुत युवकों ने दूल्हे और उसके परिवार के सदस्यों को पीटकर मामले को तूल दे दिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने होने पर दुल्हन के भाई सहित कई लोगों के सिरफट गए। मारपीट से आहत दूल्हे ने शादी से मना कर दिया। मान-मनौव्वल में बात न बनने पर रात में बारात लौट गई। बवाल की सूचना पर खजनी पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। लड़की पक्ष के लोगों का कहना है कि बाराती अभद्रता कर रहे थे, इससे बात बिगड़ गई।

द्वारपूजा में नाचने के दौरान विवाद

खजनी एरिया के भिटहां निवासी रामपाल की बेटी की शादी चाड़ी गांव के बबलू से तय थी। शनिवार की रात करीब नौ बजे बारात पहुंची। द्वारपूजा के लिए बाराती नाचते-गाते दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचे। वहां गांव के कुछ युवक भी मौजूद थे। नशे में धुत युवक डीजे की धुन पर नाचने लगे। बरातियों और गांव के युवकों के बीच नाचने को लेकर कहासुनी हो गई। तभी दूल्हे और उसके भाई ने मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन नशे में धुत युवक उनकी बात नहीं माने। वह लोग नाचने की जिद पर अड़े रहे।

छोड़ा हाथ, बिगड़ी बात

बातचीत के दौरान नशे में धुत युवकों ने दूल्हे और उसके परिवार के लोगों पर हाथ छोड़ दिया। गुस्साएं बरातियों ने भी युवकों की पिटाई शुरू कर दी। दोनों पक्ष के लोगों के तैश खाने से मामला बिगड़ गया। मारपीट में दुल्हन के भाई का सिर फट गया। गुस्साए गांव के लोग बरातियों पर भारी पड़ गए। बरातियों को दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। आधे घंटे से अधिक समय तक दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती रही। बाद में कुछ लोगों ने हस्तक्षेप करके मामला शांत कराया लेकिन तब तक बात बिगड़ चुकी थी। दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया। रविवार की सुबह दूल्हा अपने भाई के साथ शिकायत दर्ज कराने खजनी थाना पहुंचा।

नुकसान की भरपाई हुआ समझौता

बाद में दूसरा पक्ष भी थाने पर पहुंचा। उसने भी कार्रवाई की मांग की। क्षेत्र के सभ्रांत लोगों ने रिश्ता तोड़ने के बजाय बनाने पर जोर दिया। लेकिन दूल्हा और दुल्हन पक्ष बाद में एक दूसरे के उत्पीड़न की आशंका से सहमा नजर आया। काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर दिया। एक दूसरे के नुकसान की भरपाई करने की बात पर समझौता कर लिया। इसलिए पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।