- तोड़ डालीं कुर्सियां, मॉडल शॉप में मचाया उत्पात

- कर्मचारियों को पीटा, जान से मारने की धमकी देकर हुए फरार

GORAKHPUR : बीयर न देने पर दबंग युवकों ने मॉडल शॉप में जमकर तोड़फोड़ की। फिर दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। मामला शाहपुर थानाक्षेत्र में असुरन के पास स्थित मॉडल शॉप का है। रविवार रात कार से पहुंचे युवकों ने खूब हंगामा किया। कर्मचारियों ने विरोध किया तो उन्हें पीट दिया। फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। मालिक ने युवकों पर कैश काउंटर से रुपए लूटने का आरोप भी लगाया है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन फिर भी पुलिस मौके पर नही पहुंची।

पहले धमकाया, फिर बोला धावा

शाहपुर थानाक्षेत्र के राप्तीनगर निवासी अशोक यादव मेडिकल रोड पर मॉडल शॉप चलाते हैं। रविवार रात करीब 11 बजे दो युवक कार से पहुंचे और बीयर मांगी। कर्मचारी ने दुकान बंद होने का हवाला देते हुए बीयर देने से मना कर दिया। इस पर एक युवक ने खुद को मेडिकल कॉलेज स्टूडेंट बताया और देख लेने की धमकी देकर दोनों वापस लौट गए। करीब एक घंटे बाद दो कार और कई बाइक पर सवार दस की संख्या में युवक मॉडल शॉप पर पहुंचे। कर्मचारियों की मानें तो सभी युवक नशे में धुत थे। सभी के हाथ में लाठी-डंडे थे। एक युवक के पास असलहा भी था। कर्मचारियों को गाली देते हुए शॉप के भीतर घुस आए। विरोध पर कर्मचारियों की पिटाई की गई। दुकान के भीतर भी तोड़फोड़ की गई।

जान से मारने की दी धमकी

देर रात आए युवकों ने मॉडल शॉप में खूब उत्पात मचाया। कर्मचारियों की मानें तो मनबढ़ किचन के अंदर पहुंचे और खाद्य सामग्री और बर्तन फेंक दिए। किचन का फ्रिज, एसी और कुर्सी भी तोड़ डाली। आरोप है कि कैश काउंटर में रखे 27 हजार रुपए भी युवक लूट ले गए। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करते हुए फरार हो गए। शिकायत करने पर दबंगों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

मॉडल शॉप में तोड़फोड़ और फायरिंग की जानकारी मिली है। मौके पर पुलिस गई थी। मॉडल शॉप के मालिक ने तहरीर दी है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

राकेश सिंह, एसओ शाहपुर