- पीडि़त ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

- तमिलनाडु का रहने वाला है ठग

GORAKHPUR : तिवारीपुर थाना क्षेत्र के गाजीरौजा निवासी इलेक्ट्रानिक्स व्यापारी को ठग ने शिकार बनाया। उसने व्यापारी से थोक में इलेक्ट्रानिक गुड्स खरीदे जिसका भुगतान कंपनी के चेक से किया। व्यापारी ने चेक लगाया तो वो बाउंस हो गया। ठग तमिलनाडु का रहने वाला बताया जा रहा है। पीडि़त व्यापारी ने एसएसपी को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।

दिया भारीभरकम ऑर्डर

मोहम्मद फहीम पुत्र जाहिद अली तिवारीपुर एरिया के गाजी रौजा का रहने वाला है। उसकी राजघाट थाना के मदीना मस्जिद के पास होटल मून लाइट कॉम्पलेक्स में एनजे डिस्ट्रीब्यूटर्स के नाम से दुकान है। वह इलेक्ट्रानिक्स आइटम्स में डील करते हैं। उसका आरोप है कि करीब 25 दिन पहले एक युवक उनकी दुकान पर आया। उसने अपना नाम सुरेश बताया। बताया कि कोतवाली एरिया के अस्करगंज इमाम चौक, रेती रोड पर श्री ट्रेडर्स के नाम से उसकी फर्म है। उस युवक ने दो-तीन बार फहीम को अपने ऑफिस बुलाया। कुछ दिन बाद उसने फहीम को बैट्री, इन्वर्टर, पंखा, तार एवं स्टेबलाइजर का ऑर्डर दिया। फहीम ने उसे दो बार 269455 रुपये व 209995 रुपये का सामान दे दिया।

चेक हुआ बाउंस तो खुली पोल

फहीम को सुरेश ने एनजे डिस्ट्रीब्यूटर के नाम से 8 चेक दिए। फहीम ने पहला चेक 4 सितंबर को खाते में लगाया। 7 सितंबर को चेक बांउस होने की सूचना मैसेज से मिली तो फहीम के होश उड़ गए। वह उसकी फर्म के एड्रेस पर गया तो वहां ताला बंद था। फहीम ने उसे मोबाइल पर कॉल किया तो दोनों नंबर स्विच ऑफ मिले। जिस किराए की दुकान पर उसने फर्म खोली, उसके मालिक फय्याज अहमद ने बताया कि सुरेश कई दिन से गायब है और दुकान का किराया भी नहीं दिया है। फहीम ने सुरेश के घर पर भी पता लगाने की कोशिश की तो मकान मालिक ने भी कुछ ऐसा ही बताया। जिसके बाद फहीम ने पुलिस से संपर्क किया।