गोरखपुर (ब्यूरो).शास्त्री चौक, अंबेडकर चौक, टाउनहाल चौराहा, गोलघर चौराहा एवं विजय चौराहा के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण की जिम्मेदारी जीडीए को दी गई थी। इस प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। शासन ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत इन चौराहों के सुंदरीकरण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। सुंदरीकरण योजना के अंतर्गत सभी चौराहों को चौड़ा बनाया जाएगा। वहां कोई भी पटरी व्यवसायी दुकान नहीं लगा सकेगा।

चौराहे पर नहीं खड़े होंगे वाहन

चौराहे से कुछ दूर उनके लिए स्थान बनाने की योजना है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए गोलंबर को थोड़ा और बड़ा किया जा सकता है। चौराहे पर आटो एवं अन्य वाहन नहीं खड़े होंगे। उनके खड़ा होने की जगह भी निर्धारित की जाएगी। लोगों के पैदल चलने के लिए पैडेस्टियन पाथ वे भी बनाए जाएंगे। सभी चौराहों पर आकर्षक लाइटें भी लगाई जाएंगी। चौराहों के सुंदरीकरण की कार्ययोजना तैयार करने के लिए कंसलटेंट नियुक्त किया गया था। सभी चौराहों पर यातायात के भार का अध्ययन भी किया गया था। उसी के आधार पर सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए चौराहों के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया था।

चौराहे पर खर्च होगी इतनी धनराशि

शास्त्री चौक पर दो करोड़ 47 लाख 53 हजार रुपए, अंबेडकर चौक पर एक करोड़ 36 लाख 52 हजार रुपए, टाउनहाल चौराहा पर 93 लाख 87 हजार रुपए, गोलघर चौराहा पर एक करोड़ 34 लाख 41 हजार रुपए एवं विजय चौक पर एक करोड़ 20 लाख 67 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे।

पांच चौराहों के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। धनराशि भी अवमुक्त कर दी गई है। जल्द ही टेंडर कर सौंदर्यीकरण का काम शुरू कराया जाएगा।

- प्रेम रंजन सिंह, जीडीए, वीसी