- जिला पंचायत सदस्य के भाई ने कपड़ा व्यापारी को मारी गोली

- फिर खुद 5 घंटे घायल को गाड़ी में घुमाता रहा बदमाश

GORAKHPUR:

कुशीनगर जिले में एक कपड़ा व्यवसायी युवक को जिला पंचायत सदस्य के भाई ने गोली मार दी। गोली मरने के बाद घायल को आरोपी खुद ही गाड़ी में बैठाकर 5 घंटे घुमाता रहा। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने पहले उसे कुशीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर्स ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। यहां रामगढ़ताल एरिया के शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में घायल भर्ती है। घायल के भाई ने इस मामले में पुलिस को एक आरोपित के खिलाफ नामजद तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच में लगी है।

अमरेश यादव का समर्थन कर रहे थे सत्यपाल

कुशीनगर के छहूं गांव निवासी सत्यपाल सिंह (28) कपड़ा व्यापारी हैं। उनके भाई दीपक सिंह के मुताबिक पंचायत चुनाव से ही सत्यपाल वहां के जिला पंचायत सदस्य अमरेश यादव का समर्थन कर रहे हैं। अमरेश की पत्‍‌नी पहले गांव से प्रधान चुनी गईं। इसके बाद अमरेश भी जिपं सदस्य निर्वाचित हो गए। इससे सत्यपाल और अमरेश एक-दूसरे के करीब आ गए। आरोप है कि यह बात अमरेश के सगे भाई गुड्डू यादव को नागवार लगी।

बोला गोली मार दूं।

मंगलवार शाम सत्यपाल गांव के ही बगीचे में कुछ लोगों के साथ बैठे थे। तभी गुड्डू यादव वहां आ गया। आरोप है कि दोनों में चुनाव को लेकर बहस शुरू हुई, इस पर गुड्डू ने सत्यपाल को गोली मारने की धमकी दी। सत्यपाल को लगा वह मजाक कर रहा है। लेकिन तभी गुड्डू ने अवैध पिस्टल से सत्यपाल के पीछे से सटाकर गोली मार दी। इसके बाद गुड्डू खुद उसे कार में बैठाकर अस्पताल के लिए निकल पड़ा। दीपक सिंह का आरोप है कि वह अस्पताल ले जाने के बाद उसे 5 घंटे गाड़ी में घुमाता रहा। ताकि सत्यपाल की जान चली जाए। गोली छाती को फाड़ पेट तक पहुंच गई, जिससे युवक की हालत गंभीर बताई गई है। सूचना पर परिजन कुशी नगर जिला अस्पताल पहुंचे तो गुड्डू यादव वहां से भाग निकला। इसके बाद परिजन अमरेश को गोरखपुर ले आए।

घायल का किया आपरेशन, हालत नाजुक

बदमाशों ने सत्यपाल सिंह को पीठ में बाई तरफ गोली मारी थी। बाएं फेफड़े को क्षतिग्रस्त करती हुई गोली पेट में चली गई थी। इससे स्प्लीन डैमेज हो गया है। छोटी आंत में चार और बड़ी आंत में दो सुराग बन गए। गोली जाकर कमर के पास फंस गई। इससे काफी खून बहने और आंतों से निकली मलवा पूरे बदन में जहर फैला रहा था। शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में चार घंटे की सर्जरी में डॉक्टर शिवशंकर शाही की टीम ने स्प्लीन को रिपेयर किया। आंतों के सुराग को बंद करके पूरे पेट के खून की सफाई करके शौच का रास्ता बनाया। फेफड़े को काम करने के लिए चेस्ट ट्यूब डाली गई। डॉक्टर ने बताया कि टीम ने बखूबी अपना काम किया। मरीज को आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है।

वर्जन

गोली पीठ से होते हुए छाती को फाड़ते हुए पेट तक चली गई है। ऑपरेशन किया जा रहा है। फिलहाल सत्यपाल की हालत गंभीर है।

डॉ। शिवशंकर शाही, हास्पिटल संचालक

सूचना पर पहुंचकर जानकारी ली गई है। घटना कुशीनगर इलाके की है। इसलिए केस वहीं दर्ज होगा। अगर कोई यहां तहरीर देता है तो कार्रवाई की जाएगी।

जेएन सिंह, इंस्पेक्टर रामगढ़ताल