गोरखपुर (ब्यूरो)।पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया था। मंगलवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजवा दिया। यह दोनों घटना के मुख्य आरोपित बताए जा रहे हैं। इससे पहले दो और आरोपित जेल जा चुके हैं। इस घटना में पुलिस ने अब तक चार लोगों को जेल भेजवा दिया है।

नए साल का मना रहे थे जश्न

एसएसपी डॉ। गौरव ग्रोवर ने प्रेसवार्ता के दौरान आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैम्पियरगंज थानाक्षेत्र के मछलीगांव टोला परसौनी में सोनू नामक युवक की पिटाई से मौत हो गई थी। सोनू गांव के पूर्व प्रधान का भतीजा था। एसएसपी ने बताया कि गांव के एक परिवार के लोग नया साल का जश्न डीजे बजाकर मना रहे थे। उसी दौरान पड़ोस का रहने वाला सोनू भी आया था। उन्होंने बताया कि किसी बात पर विवाद के बाद लकड़ी के चैले से मारकर आरोपितों ने सोनू को घायल कर दिया। इलाज के दौरान गायत्री हास्पिटल गोरखपुर में उसकी मौत हो गई।

गैर इरादतन हत्या का केस

इस मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। आरोपित बनाए गए मनोज और उसके भाई सन्नी निवासी ग्राम मछलीगाँव टोला परसौनी थाना कैम्पियरगंज गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह दोनों घटना के मुख्य आरोपित हैं। इससे पहले दो अन्य आरोपितों को जेल भेजवाया जा चुका है। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी भी मौजूद रहे।