गोरखपुर (ब्यूरो)।पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर नामजद लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं एहतियातन गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।

परिजनों से विवाद के बाद पिटाई

जानकारी के अनुसार मछली गांव के परसौनी निवासी रंजू पत्नी राममौल के घर शनिवार यानि 31 दिसंबर की रात न्यू ईयर के सेलिब्रेशन की पार्टी चल रही थी। घर पर डीजे भी चल रहा था और घर के लोग डांस कर रहे थे। तभी वहां पड़ोस का 22 वर्षीय सोनू पुत्र कृष्ण मुरारी पहुंच गया और डीजे पर डांस करने लगा। इस दौरान उसका रंजू के परिजनों से विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद रंजू, शनि व मनोज पुत्र स्व। चौथी, रंजू की बहन और मनोज की बहन ने सोनू की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर तुरंत पुलिस पहुंची और सोनू को अस्पताल ले जा रही थी। इसी बीच रास्ते में सोनू की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पिता की तहरीर पर नामजद केस दर्ज

पुलिस ने मृतक सोनू के पिता कृष्ण मुरारी के तहरीर पर नामजद लोगों पर केस दर्ज किया है। वहीं रंजू पक्ष का आरोप है कि सोनू डीजे पर आकर डांस करले लगा और लड़कियों से छेड़खानी करने लगा। इसके बाद दोनों पक्ष में मारपीट हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डीजे की आवाज में दब गई चीखें

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद भी शहर से लेकर गांव तक आधी रात तक तेज आवाज में डीजे बजते रहे। डीजे की तेज आवाज में युवक की चीखें भी दबकर रह गईं, और उसकी मौत हो गई।

युवक की पीटकर हत्या की गई है। मृतक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी कर लिया जाएगा।

- मनोज कुमार अवस्थी, एसपी नार्थ