-पेशी पर आया था कोर्ट, लॉकअप ले जाते समय हाथ छुड़ाकर भागा

- हाथ छुड़ाकर भागने लगा कैद, दौड़ाकर पुलिस ने पकड़ा

-पत्‍‌नी की हत्या का ओरापी, तीन साल से जेल में बंद

GORAKHPUR: दीवानी कचहरी से सिपाही का हाथ छुड़ाकर भाग रहे कैदी को सिपाही ने दौड़ाकर दबोच लिया। वह पत्‍‌नी की हत्या में तीन साल से जेल में बंद है। सोमवार को पेशी पर आया था। बंदी ने भागने की पूरी तैयारी कर ली थी। लिहाजा पुलिस को शक है कि उसे भगाने के लिए उसका कोई साथी भी आसपास था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस उसकी तलाशी में लग गई।

पकड़ा गया कैदी पुलिस की बची लाज

बड़हलगंज एरिया के छपिया उमराव का रहने वाला बिट्टू यादव ने वर्ष 2013 में दहेज के लिए पत्‍‌नी की हत्या कर दी थी। लड़की के पिता मिश्रौली मलपुर निवासी के राम नरायन यादव की शिकायत पर पुलिस ने बिट्टू के साथ उसके पिता वकील, मां कलावती और भाई राधेश्याम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बिट्टू तभी से जेल में बंद है। हत्या मामले में गवाही चल रही है और जल्द ही सजा भी होने वाली है। सोमवार को अपर जिला न्यायाधीश की अदालत में बिट्टू की पेशी थी। पेशी के बाद कचहरी कैंपस के लॉकअप में ले जाते समय उसने पुलिस का हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश की। इस बीच पुलिस ने उसे दौड़ाकर करीब 100 मीटर की दूरी पर पकड़ लिया।

दो शर्ट पहनकर आया था बिट्टू

बिट्टू यादव ने पेशी के दौरान भागने की पूरी तैयारी कर ली थी। जेल से वह दो शर्ट पहनकर आया था। ऊपर सफेद शर्ट और अंदर चेकदार हरे रंग का शर्ट पहना था। बताया जा रहा है कि भागने के बाद वह सफेद शर्ट को निकाल कर रास्ते में ही फेंक देता। पुलिस सफेद शर्ट पहने बिट्टू की तलाश करती रह जाती। इतना ही नहीं बिट्टू को भगाने के लिए एक बदमाश गाड़ी लेकर कचहरी के बाहर खड़ा था। बिट्टू के दबोचे जाने के बाद वह फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।

वर्जन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कचहरी की तरफ रवाना हो गई। कैदी को हिरासत में ले लिया गया है। जल्द अन्य साथी भी पकड़ लिया जाएगा।

बृजेश कुमार वर्मा, इंस्पेक्टर कैंट