- खोराबार पुलिस ने पकड़े दो किशोर

- मोबाइल छिनैती में सामने आया नाम

GORAKHPUR: खोराबार एरिया में लूटपाट के आरोप में पकड़े गए किशोरों पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर सकेगी। किशोरों के खिलाफ पुख्ता सबूत न मिलने से पुलिस उनको छोड़ने का मन बना चुकी है। पुलिस का कहना है कि लूट के मामले में वांटेड एक किशोर जमानत पर चल रहा है। दूसरे के खिलाफ कार्रवाई का कोई पुख्ता आधार नहीं मिल सका। अलबत्ता, यह जरूर सामने आया कि घूमने-फिरने के दौरान मनोरंजन के लिए लूटपाट करने लगे। सीओ कैंट ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल चल रही है।

छिनैती पर एक्टिव हुई पुलिस

शहर में लगातार हो रही लूट, छिनैती से पुलिस परेशान हो गई। गुरुवार को तारामंडल में पुलिस ने दो किशोरों को पकड़ लिया। चेकिंग के दौरान दबोचे गए किशोरों से पूछताछ में पुलिस उलझ गई। बाद में मालूम हुआ कि एक किशोर के खिलाफ कैंट थाना में लूट का मामला दर्ज है। पुलिस को लगा कि दोनों से पूछताछ में कई मामलों का खुलासा हो सकता है। लेकिन जांच में पुलिस चकरघिन्नी हो गई। पता लगा कि लूट में वांटेड किशोर को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। इसलिए पुलिस की जांच थम गई।

शौकियां बन गए थे लुटेरे

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मजाक-मजाक में वह लूटपाट शुरू कर दी। अपने मनोरंजन के लिए वह लोगों से छिनैती कर लेते थे। टीनएजर्स होने से उन पर किसी को शक नहीं होता था। वारदात करके पुलिस वालों की आंखों के सामने से निकलने में कभी प्रॉब्लम नहीं हुई। लेकिन कुछ दिनों के बाद पुलिस ने ट्रेस कर लिया। पुलिस से जुड़े लोगों का कहना है कि लूटपाट में शामिल किशोरों के खिलाफ गुंडा, गैंगेस्टर की कार्रवाई नहीं हो पाती। उनके साथ पुलिस सख्ती भी नहीं कर पाती। इस वजह से मामले सामने आने के बाद कार्रवाई नहीं हो पा रही।

दो किशोरों को पुलिस ने पकड़ा था। कैंट थाना में दर्ज मुकदमे में एक को जमानत मिल चुकी है। उनसे जुड़े लोगों की पुलिस पड़ताल कर रही है।

अभय कुमार मिश्र, सीओ कैंट