-नगर निगम के वार्ड नम्बर 64 और 12 आज भी बदहाल

-छोटी-छोटी परेशानियां भी नहीं सुनते जिम्मेदार

-दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने किया दोनों वार्ड का रियल्टी चेक

GORAKHPUR: गोरखपुर राजधानी लखनऊ की तरह चमके इसके लिए शासन स्तर से हर तरह का प्रयास चल रहा है। लेकिन ये प्रयास अभी तक मेन शहर या मार्केट तक ही सीमित रह गया है। शहर के अधिकतर वार्ड में आज भी मूलभूत सुविधाएं दूर-दूर तक नहीं दिखती हैं। वार्ड नम्बर 64 चक्सा हुसैन को ही देख लीजिए। यहां पर बिना बरसात भी सड़क और घर के बाहर गंदा पानी लगा रहता है। सड़क भी ऐसी है कि बचाकर नहीं चले तो ऊबड़-खाबड़ गड्ढे कभी भी आपको जमीन पर पटक सकते हैं। ठीक इसके बगल में वार्ड नम्बर 12 जनप्रिय बिहार कालोनी का बदहाल पार्क देखकर ही यहां की हालत का आपको अंदाजा हो जाएगा। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट टीम ने गुरुवार को दोनों ही वार्ड का रियल्टी चेक किया तो पब्लिक ने अपनी प्रॉब्लम शेयर की।

हमेशा लगा रहता गंदा पानी

टीम करीब एक बजे वार्ड नम्बर 64 चक्सा हुसेन में पहुंची। वार्ड में इंट्री करते ही सड़क जिससे डेली हजारों लोग गुजरते हैं, वहां पर नाली के ऊपर लगा लोहे का स्लैब पलटा हुआ था। इसकी वजह से हर कोई बचाकर ही अपनी गाड़ी निकाल रहा था। ये तो बस शुरुआत थी अंदर जाने पर नूरी मस्जिद के आगे कहीं ऊ ंची तो कहीं नीची टूटी सड़क थी। थोड़ा और आगे बढ़ने पर कई घरों के सामने नाली का गंदा पानी लगा हुआ था। जब यहां के लोगों से बात की, तो उन्होंने बताया कि बरसात में तो और भी बुरा हाल रहता है। आप अंदर तक आ ही नहीं पाएंगे। जगह-जगह नाली थी, लेकिन सब जाम पड़ी हुई थीं जिससे गंदा पानी ओवरफ्लो होकर रोड पर आ रहा था। लोगों ने बताया कि मच्छर और बीमारी का भी खतरा हमेशा बना रहता है। इसके लिए यहां के लोगों ने कई बार कम्प्लेन की है, लेकिन अभी तक कोई काम नहीं हो पाया है।

यहां पर पार्क बना नरक

इसके बाद टीम वार्ड नम्बर 12 जनप्रिय बिहार कालोनी पहुंची। यहां पर एक जगह तो खाली जमीन में ही कूड़े का ढेर फैला हुआ था, जिसमें कई गाय भोजन तलाश रही थीं। वहीं थोड़ा आगे जाने पर कुछ बच्चे बैट-बॉल लेकर सड़क पर खेल रहे थे। जबकि बगल में एक बड़ा पार्क था। पार्क के पास जब टीम पहुंची तो उसकी बदहाली देखकर समझ में आया कि कोई क्यों इस पार्क में नहीं आता है। पार्क के आस-पास के लोगों ने बताया कि पहले ये पार्क बहुत ही साफ-सुथरा रहता था। इसमे बच्चे खेलते-कूदते रहते थे। किसी के घर शादी विवाह पड़ता था, तब भी पार्क कालोनीवासियों के काम आता था। काफी दिनों से देखभाल ना होने से पार्क झाडि़यों और गंदगी से पट गया है।

वार्ड नम्बर 64 की प्रॉब्लम

-सड़कें बदहाल हैं।

-नाली साफ कराकर सड़क पर मलबा छूटा रहता है।

-जगह-जगह नालियां जाम रहती हैं।

-घर के सामने गंदा पानी लगा रहता है।

वार्ड नम्बर 12 की प्रॉब्लम

-खाली जमीन में कूड़ा फेका जाता है।

-कूड़े की बदबू से परेशान रहते लोग।

-एक पार्क वो भी बदहाल में है।

कोट-

बहुत दिनों से यही हालात हैं। कम्प्लेन करते-करते थक चुके हैं। अब तो इसी हाल में रहने की आदत पड़ गई है।

शिब्बू, वार्ड 64

यहां पर नालियां जाम रहती हैं। सड़क पर पानी लगा रहता है। सड़क भी उबड़ खाबड़ है, संभल के नहीं चले तो गिर पड़ेंगे।

जैगम अब्बासी, वार्ड 64

लो लैंड होने की वजह से यहां पर पानी लगता है। इसके लिए चार करोड़ का प्रपोजल दिया है। मिलते ही इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।

एहतेराम हुसैन, पार्षद वार्ड 64

सामने खाली जमीन है। इसका अच्छे काम के लिए यूज नहीं होता डेली यहां पर कालोनी का कूड़ा फेंक दिया जाता है, जिससे बदबू आती है।

आशिष मिश्रा, वार्ड 12

पार्क होते हुए भी हम लोग सड़क पर खेलते हैं। अगर पार्क साफ हो जाता तो बच्चों के साथ ही बड़े लोग भी टहल सकते हैं।

आदर्श कुमार, वार्ड 12