- मोहद्दीपुर चौराहे पर लेगेंगे दो फव्वारे

- वीरेंद्र शाही की प्रतिमा होगी बीच में

- 40 लाख की लागत से चौड़ा होगा चौराहा

GORAKHPUR: सिटी के सबसे व्यस्त चौराहे मोहद्दीपुर से गुजरना अब आसान हो जाएगा। यहां हमेशा होने वाली जाम की प्रॉब्लम जल्द ही खत्म होने वाली है। जीडीए चौराहे पर ट्रैफिक को स्मूद करने के साथ ही इसे सुंदर बनाने का प्लान कर रहा है। इसके लिए चौराहे को चौड़ा कर सिग्नल की व्यवस्था की जाएगी। इसकी संदरता बढ़ाने के लिए यहां दो फव्वारे भी लगाए जाएंगे। जीडीए के इस प्लान से लोगों को आने-जाने में सुविधा होने के साथ ही एरिया का लुक भी बदल जाएगा।

दो गोलंबर बनेंगे चौराहे पर

जीडीए उपाध्यक्ष शिवश्याम मिश्र ने बताया कि वर्तमान में मोहद्दीपुर चौराहा लगभग 50 फीट चौड़ा है। इसके बीच में बनी पुलिस चौकी टूट जाने के कारण चौराहा और चौड़ा हो गया। अब इसके चौड़ीकरण की और अधिक संभावना को देखते हुए ये कदम उठाया गया है। चौराहे के पीछे लगी स्व। वीरेंद्र शाही की प्रतिमा के ठीक पीछे उद्यान विभाग की बाउंड्री थी। जिसे पीछे करने के लिए कहने पर विभाग ने ब्राउंड्री पीछे कर ली है। इससे अब चौराहे पर प्रतिमा के पीछे 10 से 15 फीट की जगह मिल गई। यहां पर दो गोलंबर बनाए जाएंगे। एक गोलंबर पुरानी पुलिस चौकी के आस-पास रहेगा और दूसरा वीरेंद्र शाही की प्रतिमा के पीछे बनाया जाएगा। दोनों गोलंबरों पर फव्वारे भी लगाए जाएंगे। चौड़ीकरण के बाद चौराहा तकरीबन 70 फीट चौड़ा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस चौराहे को लेकर जीडीए बहुत ही गंभीर है। जल्द ही मेट्रो सिटी की तर्ज पर इस चौराहे का रूप बदल जाएगा।

वर्जन

मंडलायुक्त के निर्देश पर शहर के चौराहों के चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस योजना से चौराहों पर लगने वाले जाम समाप्त हो जाएंगे। मोहद्दीपुर चौराहे की चौड़ाई को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए उद्यान विभाग की बाउंड्री को पीछे कर दिया गया है।

-शिवश्याम मिश्र, उपाध्यक्ष जीडीए