गगहा थाना क्षेत्र के पोखरीगांव, दुबेपुरा टोला की घटना

एक भाई के रिश्तेदारों ने धारदार हथियार से ली जान

गगहा एरिया के पोखरीगांव दुबेपुर टोला में रविवार को महुआ का पेड़ बेचने के विवाद में मां और बेटे की हत्या कर दी गई। घटना के समय महिला के पति और अन्य लोग थाने पर गए थे। इसी बीच एक पक्ष की तरफ से आए कुछ रिश्तेदारों ने घर पर चढ़कर मां-बेटे की धारदार हथियार से जान ले ली। घटना से मोहल्ले में तनाव है। लोगों का कहना है कि सगे भाइयों के बीच महुआ के पेड़ को लेकर विवाद था। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश में पुलिस लगी है।

पेड़ काटने पर हुआ विवाद, पहुंचे थाने

पोखरीगांव दुबेपुर टोला के अरविंद और राजेश सगे भाई हैं। अरविंद ने राजेश को बिना बताए ही महुआ का पेड़ लकड़ी ठेकेदार को बेच दिया। रविवार को ठेकेदार के लोग पेड़ काटने पहुंचे। इस बात की जानकारी होने पर राजेश ने आपत्ति जताई। अरविंद को सूचना मिली तो वह राजेश से भिड़ गया। दोनों भाइयों के बीच मारपीट में परिवार के सदस्य भी शामिल हो गए। इस दौरान दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हुए। सभी घायलों को अस्पताल भेजकर अरविंद और राजेश अपनी-अपनी तहरीर लेकर थाने पहुंचे। एनसीआर दर्ज करके पुलिस दोनों पक्षों का चालान बना रही थी। आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई पूरी हो पाती। इसके पहले राजेश ने मारपीट की सूचना अपने रिश्तेदारों को भी दे दी थी। दोपहर तीन बजे के आसपास राजेश के रिश्तेदार अरविंद के घर पहुंच गए। घर पर अरविंद की पत्नी हेमलता और बेटा थे। बाहर से आए रिश्तेदारों ने दोनों को देखते ही हमला बोल दिया। किसी धारदार हथियार से वार कर फरार हो गए। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पाकर पुलिस पहुंची। घटना में तीन लोगों को पकड़ लिया। राजेश के पूरे परिवार को पुलिस को हिरासत में लिया। अन्य की तलाश में पुलिस जुट गई। तनाव को देखते हुए फोर्स लगा दी गई। सीओ सहित कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई।

कोट

दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी उसी विवाद में एक पक्ष और उनके रिश्तेदरों ने मिलकर मां-बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया गया है। आरोपित का पूरा परिवार पुलिस हिरासत में है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जोगेंद्र कुमार, एसएसपी