- आईजी की जांच में खुली मातहतों की पोल

- दोबारा पकड़े जाने पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति

GORAKHPUR: सड़क पर पब्लिक के वाहनों का पेपर जांचने वाले पुलिस कर्मचारियों को भी नियम-कानून का ख्याल रखना पड़ेगा। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना पुलिस कर्मचारियों पर भारी पड़ सकता है। हर शुक्रवार को सघन अभियान चलाकर पुलिस कर्मचारियों के वाहनों, उनके रजिस्ट्रेशन पेपर, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच कराई जाएगी। मानक का उल्लंघन होने पर उनका भी चालान काटा जाएगा। लापरवाह पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। आईजी मोहित अग्रवाल के निर्देश पर शुक्रवार को चले अभियान में पुलिस कर्मचारियों के 246 वाहनों को पकड़ा गया।

हर शुक्रवार होगी चेकिंग

आईजी ने पुलिस लाइंस, थानों, चौकियों और दफ्तरों में पुलिस कर्मचारियों के वाहनों की जांच के निर्देश दिए थे। आईजी ने कहा था कि शुक्रवार की परेड के दौरान एसएसपी, एसपी पुलिस लाइंस का निरीक्षण भी करेंगे। पुलिस लाइंस में बैरकों की साफ-सफाई, श्रमदान की व्यवस्था को भी देखा जाएगा। इसके अलावा पुलिस कर्मचारियों के वाहनों की जांच करते हुए लापरवाही मिलने पर कार्रवाई करने को कहा। शुक्रवार को पुलिस लाइंस में कार्रवाई की गई। स्वच्छ भारत अभियान के तहत दो घंटे कर्मचारियों ने श्रमदान किया। उसी समय कर्मचारियों के वाहनों की चेकिंग भी कराई गई। इस दौरान कई पुलिस कर्मचारी बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के वाहन चलाते मिले। उनको चेतावनी दी गई कि दोबारा लापरवाही सामने आई तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इन जिलों में इतनी कार्रवाई

गोरखपुर 64

देवरिया 45

कुशीनगर 01

महराजगंज 36

बस्ती 17

संतकबीर नगर 49

सिद्धार्थनगर 05

गोंडा 12

बहराइच 01

बलरामपुर 01

श्रावस्ती 15

वर्जन

हर शुक्रवार को एसएसपी, एसपी पुलिस लाइंस का भ्रमण करेंगे। पुलिस कर्मचारियों के वाहनों की भी जांच कराई जाएगी। सि बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिस कर्मचारियों को वार्निग दी गई। दोबारा गलती सामने आने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

- मोहित अग्रवाल, आईजी