- गोरखपुर में कोरोना केस मिलने के बाद संचालक हुए अलर्ट

GORAKHPUR: गोरखपुर में भी एक कोरोना केस मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इसे लेकर पेट्रोल पंप संचालक भी सतर्क हो गए हैं। जिम्मेदारों की ओर से पेट्रोल पंप मालिकों को हिदायत दी गई है कि किसी ऐसे व्यक्ति को पेट्रोल न दें जिसने मास्क नहीं पहना हो। इसे लेकर चौराहों पर मुस्तैद पुलिस कर्मचारियों को भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस आदेश के बाद दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने सोमवार को सिटी के पेट्रोल पंप्स का रियलिटी चेक किया। सभी जगह इंप्लॉइज पूरी तरह अलर्ट नजर आए। मास्क लगाने वाले लोगों को ही पट्रोल दिया जा रहा था।

स्पॉट 1 - बेतियाहाता

दोपहर 12.30

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट टीम जब बेतियाहाता पेट्रोल पंप पर पहुंची तो इंप्लॉई कोरोना वायरस को लेकर अलर्ट नजर आए। यहां टू व्हीलर और फोर व्हीलर वाले पेट्रोल भरवाते दिखे। सभी ने मास्क पहन रखा था। पेट्रोल पंप इंप्लॉइ उसे ही पेट्रोल दे रहा था जो मास्क लगाए रहा।

स्पॉट 2 - टाउनहाल

दोपहर 12.45 बजे

टाउनहाल पेट्रोल पंप पर टीम पहुंची तो यहां कुछ लोग अपने टू व्हीलर में पेट्रोल भरवाते मिले। एक व्यक्ति मास्क को चेहरे से उतारकर पेट्रोल ले रहे थे। इसी बीच इंप्लॉई ने उन्हें टोक दिया। कहा, सर मास्क लगा लें नहीं तो पेट्रोल नहीं मिलेगा। उनके मास्क लगाने के बाद ही पेट्रोल मिला।

स्पॉट 3 - गोलघर

दोपहर 1 बजे

गोलघर पेट्रोल पंप पर कोई वाहन सवार पेट्रोल भरवाता नहीं मिला। यहां केवल पेट्रोल पंप इंप्लॉइज आपस में बातचीत करने में मशगूल रहे। एक इंप्लॉइ पेट्रोल पंप मशीन के पास लेटकर आराम करता मिला तो बाकी बातें कर रहे थे। हालांकि कोरोना के डर से सभी ने अपने चेहरे पर मास्क लगा रखा था।

स्पॉट 4 - रेल म्यूजियम पेट्रोल पंप

दोपहर 1.20 बजे

यूनिवर्सिटी चौराहा स्थित रेल म्यूजियम पेट्रोल पंप पर टीम पहुंची तो कई लोग अपने-अपने टू व्हीलर में पेट्रोल भरवाने के लिए इंतजार मे रहे। सभी ने मास्क पहन रखे थे। बिना मास्क किसी को भी पेट्रोल न देने के लिए पहले से ही संचालक ने इंप्लॉइज को हिदायत दे रखी है जिसका पालन इंप्लॉई करते मिले।

कोट्स

लॉकडाउन के सभी नियमों का पालन कर रहे हैं। इमरजेंसी में पेट्रोल के लिए पंप पर जाना पड़ता है तो अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मास्क पहन कर ही निकलते हैं।

- विक्की वर्मा

पेट्रोल पंप पर बिना मास्क के पेट्रोल नहीं मिलता है। पेट्रोल पंप इंप्लॉई भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करने की सलाह देते हैं।

सिद्धार्थ जायसवाल

कोरोना महामारी से बचने के लिए नियमों का पालन करना हमारी जिम्मेदारी है। मास्क लगाना बहुत आवश्यक है। ऐसे लोग जो मास्क नहीं लगा रहे हैं, वह अपने साथ अपने परिवार को भी खतरे में डाल रहे हैं। समय रहते अगर सभी लोग प्रिकॉशन अपना लें तो इस महामारी से लड़ाई बहुत लंबी नहीं है।

किशन

कोविड-19 से बचने के लिए सरकार की ओर से जो गाइडलाइन जारी की जा रही है, उन्हें फॉलो करने की जरूरत है। मास्क लगाने का यही मतलब है कि संक्रमण हमारे शरीर में मुंह के रास्ते प्रवेश न करे। मास्क लगा होगा तो संक्रमण की चपेट में आने की संभावना भी कम होगी। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का यूज ही ऐसे उपाय हैं जिससे बचा जा सकता है।

अनूप पासवान