गोरखपुर (ब्यूरो)।आज पांच ग्रह एक सीध में नजर आएंगे। नक्षत्रशाला के खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि इन्हें आप अपनी साधारण आंखो से भी देख सकते हैं। खगोलविद ने बताया कि सूर्यास्त के साथ ही ग्रह दिखने शुरू हो जाएंगे। जिनमें बुध, शुक्र, मंगल ग्रह, बृहस्पति और अरुण को देखा जा सकता है। यह एक ऐसा दुर्लभ संयोग है जो की किसी को भी आश्चर्य में डाल सकता है। इसीलिए अगर आप खगोल विज्ञान में रुचि रखते हैं तो आपको इसे जरूर देखना चाहिए।

इस तरह करें दीदार

खगोलविद ने बताया कि जैसे ही सूर्यास्त होने वाला हो आप पश्चिम दिशा की तरफ मुंह करके देखना शुरू कर दीजिए। ध्यान रहे कि आकाश साफ हो, तब आप सभी ग्रहों को क्रमबद्ध तरीके से देख सकते हैं। अगर आपके पास कोई दूरबीन है तो आप और भी ज्यादा स्पष्ट रूप से दीदार कर सकते हैं। साधरण दिनों में दो या तीन ग्रहों को ही देख सकते हैं लेकिन इस बार आप चमकते चांद के साथ ही पांच ग्रहों की महा परेड को अपने घर से ही देख सकते हैं। लेकिन अरुण ग्रह को साधारण आंखो से देखना मुश्किल होता है। अगर आपको इस खगोलीय घटना को विशेष तौर से देखना और इस से संबंधित कोई भी जानकारी चाहिए तब आप सीधे वीर बहादुर सिंह नक्षत्र शाला तारामंडल गोरखपुर में जाकर भी विशेष प्रकार की खगोलीय दूरबीनों के माध्यम से भी निशुल्क लुत्फ उठा सकते हैं।

इसके बाद 2024 में फिर दिखेगा ये नजारा

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि यह खगोलीय घटना ठीक सूर्यास्त के बाद से दिखना शुरू हो जाएगी। भारत में सूर्यास्त का समय शाम 6: 36 बजे है। आप ग्रहों की अच्छी दृश्यता के लिए शाम 6:36 से 7:15 बजे तक इस खगोलीय घटना को अच्छे से देखा जा सकता है। लेकिन सूर्यास्त के बाद ही बुध ग्रह और बृहस्पति ग्रह दिखाई देना बंद हो जाएंगे। खगोलविद ने बताया कि बुध ग्रह और ब्रहस्पति ग्रह को लगभग 6:36 बजे, अरुण ग्रह को 8 बजकर 44 मिनट और शुक्र ग्रह को 8 बजकर 34 मिनट्स तक देखा जा सकता है। इस अदभुत खगोलीय नजारे को को प्लैनेट परेड, या प्लेनेट्स एलाइनमेंट भी कहा जाता है। जो कि एक दुर्लभ संयोग होता है। इसे पिछली बार 24 जून 2022 को देखा गया था। अगली बार आप इसे 8 सितम्बर 2024 को देख पाएंगे।