- सहजनवां एरिया में महिला को गन दिखाकर बदमाशों ने की वारदात

- सैनिक के घर में घुसकर सरेशाम लूट ले गए थे नकदी और गहने

GORAKHPUR: सहजनवां एरिया में रिटायर बीएसएफ जवान के घर में हुई लूटपाट की जांच करने फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने जांच के लिए नमूने जुटाए। पीडि़त की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है, लेकिन पुलिस घटना पर संदेह जता रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात के दौरान घर पर अकेली बहू मौजूद थी। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।

शनिवार की रात घर में अकेली थी बहू

रिटायर सैनिक राम प्रसाद यादव ने हाइवे पर चकिया के पास मकान बनवाया है। राम प्रसाद के अलावा घर में उनकी पत्‍‌नी शारदा, बेटा महानंद और महानंद की पत्नी और दो बच्चे रहते हैं। शनिवार की शाम राम प्रसाद और महानंद किसी काम से बाहर गए थे। शारदा देवी भी कहीं गई तो घर में अकेली बहू रह गई। बहू ने पुलिस को बताया कि करीब साढ़े आठ बजे रात में एक महिला और एक पुरुष घर में घुस गए। घर में रखी 90 हजार नकदी, सोने की चेन निकालने लगे। खटपटर की आवाज होने पर बहू शिमला पहुंची तो उसने बदमाश ने असलहा सटा दिया। उसके गले से मंगलसूत्र निकाल लिया। जानमाल की धमकी देकर दोनों फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। एसपी नार्थ ने भी मौके का निरीक्षण किया। रविवार को दोबारा पुलिस की टीम पहुंची। मौके की छानबीन करके सबूत जुटाए।

घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लेकिन घटना संदिग्ध लग रही है।

- दिलीप कुमार पांडेय, एसएचओ, सहजनवां