- महिलाओं की सात दिवसीय महफिल का आगाज

GORAKHPUR: शब-ए-मेराज के मौके पर मदरसा कादरिया तजवीदुल कुरआन निस्वां इमामबाड़ा अलहदादपुर में महिलाओं की सात दिवसीय महफिल का आगाज शनिवार से हुआ। मदरसे की बच्चियों ने शानदार नात व मनकबत पेश की। आलिमा महजबीन सुल्तानी ने कहा कि 27 रजब की रात रसूल-ए-पाक हजरत मोहम्मद साहब को सातों आसमानों की सैर कराई गई। जन्नत और दोजख दिखाई गई। मस्जिद-ए-अक्सा में रसूल-ए-पाक ने पैंगबरों व फरिश्तों की इमामत की। शब-ए-मेराज में अहकामे खास रसूल-ए-पाक पर नाजिल हुए और आप अल्लाह के दीदार से सरफराज हुए।

नमाज मोमिन का मेराज

शब-ए-मेराज में रसूल-ए-पाक को पांच वक्त की नमाजों का तोहफा मिला। नमाज मोमिन की मेराज है। मुसलमान अगर तरक्की चाहते हैं तो नमाज को कायम करें। अल्लाह और रसूल की तालीमात पर पूरी बेदारी के साथ अमल करें। बुराईयों से दूर रहें। इसकी वजह से एक मुसलमान पर ही नहीं बल्कि पूरे कौम पर खराब असर पड़ता है। कुरआन-ए-पाक व हदीस-ए-पाक की तालीम के मुताबिक जिंदगी गुजारें। तालीम पर ध्यान दें। खास कर हमारी मां बहनें अपने हक को पहचानें। तालीम के बगैर कोई भी इंसान व कौम तरक्की नहीं कर सकती है। आखिर में दरूदो सलाम पढ़कर भाईचारगी व अमन शांति की दुआ मांगी गई। महफिल इसी तरह 12 मार्च तक दोपहर 12 से 2 बजे तक जारी रहेगी। महफिल में नौशीन फातिमा, सीमा बानो, शीबा परवीन, साहिबा परवीन, शहाना परवीन, अंसिया परवीन, शबाना परवीन, अर्शी फातिमा, हसीना बानो, मैमुन निशा, नसरीन फातिमा, शाहजहां, फातिमा खातून आदि ने शिरकत की।