- मृतक के भाई ने थाने में दी तहरीर, ईट भट्ठा मालिक व सहयोगियों को बनाया आरोपी

- गगहा क्षेत्र के टेकुआ माधो निवासी शेषनाथ की गुरुवार को मिली थी लाश

BHALUAN/MAJHGAWA: गगहा थाना क्षेत्र के नगवा पंडित स्थित ईट भट्ठे पर गुरुवार को सुबह टेकुआ माधो निवासी शेषनाथ की लाश मिली थी। शव पर कई जगह चोट के निशान थे। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही थी। शुक्रवार को मृतक के भाई रघुनाथ ने थाने में तहरीर दी और ईट भट्ठा संचालक व सहयोगियों पर कच्ची पिलाकर हत्या कर देने का आरोप लगाया।

भट्ठे पर था आना-जाना

टेकुआ माधो निवासी शेषनाथ कच्ची पीने का आदी था। उसका नगवा पंडित स्थित ईट भट्ठे पर आना-जाना था। भट्ठे पर ही काम करने वाली एक आदिवासी महिला से उसने शादी की थी। जिसके दो बेटे हैं। शेषनाथ का शव गुरुवार को सुबह भट्ठा के पास ही झाडि़यों में मिली। उसके भाई रघुनाथ ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी लेकिन शुक्रवार को उसने भट्ठा संचालक बैजनाथ यादव व सहयोगियों को इस मामले में आरोपित किया। आरोप लगाया कि आदिवासी महिला से शादी के बाद ईट भट्ठा संचालक उसके भाई से नाराज रहने लगे। कई बार उन्होंने जान से मारने की धमकी दी थी। बुधवार को रोज की तरह शेषनाथ अपनी पत्‍‌नी की भाभी रेशमा का हालचाल लेने गया था लेकिन घर नहीं लौटा। अगली सुबह उसकी लाश मिली।