गोरखपुर (ब्यूरो)। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच कर रही है। पीपीगंज के जंगल बिहुली भगवानपुर निवासी अनूप कुमार (28) पुत्र धर्मनाथ की शादी तीन वर्ष पूर्व इलाके के भुइधरपुर गांव निवासी रामवृक्ष की बेटी नीलम से हुई थी। दोनों की छह माह की एक बच्ची है। पत्नी नीलम का एक साल से अनूप से विवाद चल रहा था और वह अपने मायके में ही रह रही थी। युवक के घरवालों के अनुसार मंगलवार को थाने पर सुलह हुई थी। नीलम के घर कोई गमी होने के कारण आगामी 16 अप्रैल को विदाई होना तय हुआ था। थाने से ही अनूप घूमने के लिए पत्नी के साथ अपने ससुराल चला गया।

पत्नी ने मचाया शोर

पत्नी नीलम ने बताया कि अनूप रात 3 बजे तक सोए नहीं थे। भोर में वह बाहर चली गई। वहां से लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो उसका शव साड़ी के फंदे से लटकता मिला, जिसके बाद उसने शोर मचाया और अपनी मां को बुलाया। मां ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के भाई अशोक ने पत्नी नीलम, सास शांति देवी उर्फ सत्ती, साले राहुल व गोलू पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।

वर्जन

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह पता चलेगी। तहरीर मिली है जांच की जा रही है।

दुर्गेश कुमार सिंह, एसओ पीपीगंज