-गोला एरिया में हुई घटना से फैली सनसनी

-शनिवार की सुबह झाडि़यों में मिली अचेत हाल

GORAKHPUR: गोला एरिया में बाइक सवार दो बदमाशों ने किशोरी का अपहरण करके उसके साथ गैंग रेप किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की और बदन को सिगरेट से जला दिया। शनिवार की सुबह सड़क किनारे झाडि़यों में अचेत हाल मिली किशोरी को पैरेंट्स ने अस्पताल में एडमिट कराया। एक नामजद सहित दो युवकों के खिलाफ रेप, किडनैपिंग और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। हालांकि पुलिस ने किशोरी को सिगरेट से दागने की पुष्टि नहीं की है।

पानी पीने निकली कर लिया अपहरण

बड़हलगंज एरिया निवासी एक फैमिली गोला के पास रहती है। उसके मां-बाप ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। भट्ठे के पास ही उन्होंने किराए पर कमरा लिया है। शुक्रवार की रात उनकी नाबालिग बेटी घर के पास हैंडपंप पर पानी भरने गई। तभी बाइक सवार दो युवकों ने किशोरी को जबरन बाइक पर बैठा लिया। उसका मुंह दबाकर मोहल्ले से दूर तालाब के किनारे झाडि़यों में ले गए। उसका मुंह बंद करके दोनों ने रेप किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की, सिगरेट से बदन पर दाग दिया। किशोरी के अचेत होने पर उसे छोड़कर फरार हो गए।

परिजनों ने की तलाश, झाडि़यों में मिली अचेत हाल

किशोरी के गायब होने पर शनिवार की सुबह परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। झाडि़यों में अचेत हाल में पड़ी किशोरी को लेकर परिजन सीएचसी पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। हालत गंभीर बताकर सीएचसी के डॉक्टर्स ने हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने किशोरी का बयान लिया। इस दौरान सामने आया कि डेहरीभार निवासी अर्जुन ने अपने एक अन्य साथी संग मिलकर किशोरी का अपहरण किया था। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। घटना से इलाके में सनसनी फैली रही।

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी