- 10 ब्लॉकों में सपा प्रत्याशी की निर्विरोध जीत तय

-सिर्फ नौ ब्लाक में होंगे प्रमुख चुनाव

GORAKHPUR: जिले में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सपा ने आधा मैदान मार लिया है। कुल 19 ब्लॉकों में से 10 में सपा प्रत्याशी की जीत तय हो गई है। शुक्रवार को आठ ब्लॉकों पर सपा का रास्ता साफ था। शनिवार को सहजनवां ब्लॉक में सपा प्रत्याशी राम प्रकाश शुक्ल के खिलाफ पर्चा दाखिल करने वाले मोहम्मद सउद ने नामांकन वापस ले लिया। राम प्रकाश शुक्ल निर्विरोध प्रमुख चुने जाएंगे। उधर उरुवा ब्लाक में सपा जिलाध्यक्ष के छोटे भाई की पत्नी तस्नीम फातिमा भी निर्विरोध प्रमुख चुनी जाएंगी। शेष नौ ब्लाक में प्रमुख चुनने के लिए बीडीसी सदस्य रविवार को मतदान करेंगे।

पूरी है तैयारी

चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। चुनाव में किसी तरह की धांधली रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हर जगह पुलिस के साथ-साथ पीएसी का इंतजाम किया गया है। बांसगांव, पिपरौली, चरगांवा, जंगल कौडि़या में पुलिस की खास निगहबानी होगी। पुलिस का कहना है कि बवाल करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

इन प्रत्याशियों का होगा चुनाव

पिपराइच : मंजू, रिंकू और सरिता

बांसगांव : राकेश यादव और राधिका

बड़हलगंज: बेबी पासवान और गीता देवी

कौड़ीराम: शैला देवी और मीना देवी

चरगांवा: डॉक्टर विमलेश पासवान, विनोद राना

जंगल कौडि़यां: बृजेश यादव और संदीप यादव

पाली: किरन, मीना और सोनमती

पिपरौली: सुधीर सिंह और संजय दुबे

सरदार नगर: सरिता, उर्मिला और शशिकला

बॉक्स

उरुवा में बवाल, बांसगांव में बंटे पर्चे

ब्लॉक प्रमुख चुनाव में नाक बचाने की जद्दोजहद शनिवार को जारी रही। निर्विरोध निर्वाचित होने की जुगत में खूब धींगामुश्ती हुई। उरुवा ब्लाक में सपा जिलाध्यक्ष की भयहू के निर्विरोध निर्वाचित होने की सूचना पर हंगामा हुआ। उनको हटाने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया। विपक्ष की एक प्रत्याशी ने डीएम से मिलकर शिकायत दर्ज कराई।

मनाया जश्न, हुई शिकायत

उरुवा ब्लाक में तस्नीम फातिमा के अलावा दुर्गावती देवी, उर्मिला सिंह और गायत्री देवी ने पर्चा भरा था। तीन बजे के बाद तस्नीम फातिमा निर्विरोध प्रमुख बनने की सूचना फैली। उनके समर्थकों ने क्षेत्र में खुशी मनाना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होने पर विपक्षी प्रत्याशी, समर्थकों संग ब्लाक पहुंच गए। आरोप लगाया कि बिना नामांकन वापसी या पर्चा खारिज हुए कोई कैसे निर्विरोध हो सकता है। अफसरों ने गोलमोल जवाब देकर प्रत्याशियों को टरकाने की कोशिश की। अफसरों की हरकत से लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। लाठी चार्ज करके पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। होने पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। निर्विरोध चुनाव का विरोध कर रही दुर्गावती गोरखपुर पहुंचीं। सर्किट हाउस में चुनाव पर्यवेक्षक और डीएम से मिलकर शिकायत दर्ज कराया।