- डीएम ने दिया सर्टिफिकेट, चुनीं गई निर्विरोध

- समर्थकों ने जमकर बांटी मिठाई, मनाया जश्न

GORAKHPUR:

जिला पंचायत गोरखपुर की अध्यक्ष साधना सिंह चुनी गई हैं। मंगलवार को रिर्टर्निग आफिसर, डीएम के। विज्येंद्र पांडियन ने सर्टिफिकेट प्रदान किया। दोपहर तीन बजे जीत की औपचारिक घोषणा होते ही सर्मथकों ने मिठाई बांटना शुरू कर दिया। साधना सिंह दूसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष की कमान संभालेंगी। जिला पंचायत का गठन होने के बाद से लगातार अध्यक्ष पद पर महिलाएं आसीन हो रही हैं। साधना के निर्विरोध चुने पर उनके पति, पूर्व मंत्री और विधायक फतेह बहादुर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बधाई दी। सोशल मीडिया पर लोग जीत को लेकर खुशी जाहिर करते नजर आए।

निर्विरोध चुनी गई, नहीं था कोई उम्मीदवार

जिला पंचायत चुनाव में 26 जून को नामांकन वाले दिन सिर्फ भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह और एक अन्य उम्मीदवार संगीता पासवान ने ही पर्चा दाखिल किया। सपा की तरफ से कोई नामांकन नहीं किया गया। पर्चा जांच के दौरान प्रपत्र एक पर सिग्नेचर न करने और अनुमोदक के जिला पंचायत सदस्य न होने की वजह से संगीता का पर्चा खारिज हो गया। इसलिए साधना सिंह का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया। मंगलवार को इसकी औपचारिक घोषणा भी कर दी गई।

छठवीं बार भी महिला को अध्यक्ष की कमान

जिले में पंचायती राज व्यवस्था लागू होने के बाद लगातार महिलाएं ही अध्यक्ष बन रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की बहू साधना सिंह दोबारा अध्यक्ष बनी हैं। उनके पति फतेहबहादुर सिंह पूर्वाचल के कद्दावर नेताओं में शुमार हैं। वर्तमान में वह भाजपा से कैंपियरगंज के विधायक हैं। वह उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।

अभी तक ये बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष

नाम पार्टी वर्ष

साधना सिंह- भाजपा 2021-2026

गीतांजलि यादव- सपा 2015 से 2020

साधना सिंह-बसपा 2010 से 2015

चिंता यादव-सपा 2005-2010

सुभावती पासवान-सपा 2000 से 2005

शोभा साहनी-भाजपा 1995 से 2000