- जांच में निकले कोरोना पॉजिटिव, दिनभर लेकर घूमी पुलिस

-16 अगस्त को गगहा, शिवपुर में हुई थी गोली मारकर हत्या

गगहा एरिया के एडवोकेट मर्डर कांड के मुख्य आरोपित चंकी पांडेय और उसके पिता राजेश्वर पांडेय को पुलिस ने शुक्रवार को अरेस्ट किया। उनके पास से मर्डर में यूज तमंचा भी बरामद हुआ। एसपी साउथ ने बताया कि आरोपियों की तलाश में गगहा एसओ राज प्रकाश सिंह लगे थे। बड़हलगंज के साउखोर में दोनों की मौजूदगी की सूचना मिली। इस मामले में अधिवक्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। बहुचर्चित मर्डर केस में शामिल चंकी पांडेय के पूर्व के संबंधों, सोशल मीडिया पर असलहों के साथ वायरल उसकी तस्वीरों के को लेकर जांच कराई जा रही है। बुधवार को पुलिस ने हत्यारोपितों को शरण देने के आरोप में लोगों को जेल भेजा था।

विवाद में गोली मारकर हुए थे फरार

गोला तहसील में प्रैक्टिस करने वाले गगहा, शिवपुर निवासी अधिवक्ता राजेश्वर पांडेय की 16 अगस्त को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पट्टीदारों से उनकी भूमि विवाद की रंजिश चल रही थी। घटना की सुबह घास छीलने की बात पर हुए विवाद में राजेश्वर की पीठ पर तमंचा सटाकर आरोपी ने गोली मार दी। इस मामले में अधिवक्ता के बेटे आदित्य की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुख्य आरोपित चंकी पांडेय उर्फ प्रेम कुमार, उसके पिता महेश्वर और बाबा ब्रहृमानंद फरार चल रहे थे।

शुक्रवार की सुबह पुलिस ने किया अरेस्ट

शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपित बड़हलगंज के साउखोर में मौजूद हैं। घेराबंदी करके पुलिस ने उनको अरेस्ट कर लिया। चंकी पांडेय ने मर्डर में यूज वेपन भी बरामद कराया। इसके पूर्व बुधवार को मर्डर के आरोपियों को शरण देने के आरोप में पुलिस मजुरी के संजय यादव और शिवपुर के सूरज यादव को अरेस्ट किया था। घटना में शामिल नामजद आरोपित ब्रहृमानंद की तलाश चल रही है।

कोविड पॉजिटिव मुल्जिमों को लेकर घूमी पुलिस

गगहा एरिया में अरेस्ट किए गए मुल्जिमों को कोविड पॉजिटिव पाया गया था। शुक्रवार को गगहा एरिया में लगे कैंप में उनकी जांच कराई गई। कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद भी पुलिस ने सावधानी नहीं बरती। दोनों मुल्जिमों को लेकर दारोगा और सिपाही घूमते रहे। दोनों को जीप से पुलिस लाइंस ले जाया गया। फिर कोर्ट में उनकी पेशी कराई गई। पुलिस की हरकतों से ऐसा लग रहा था दोनों बेहद ही सामान्य है। इससे पुलिस की गतिविधियों पर संदेह होने लगा है।

मुख्य आरोपित सहित दो लोगों को अरेस्ट किया गया है। उनके कोविड पॉजिटिव होने की जानकारी नहीं थी। यदि रिपोर्ट पहले आ गई तो सावधानी क्यों नहीं बरती गई। इस संबंध में जानकारी ली जाएगी।

विपुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी साउथ