गोरखपुर (महेंद्र प्रताप सिंह)।बीते 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में आई करीब पांच डिग्री सेल्सियस से उपर गिरावट हुई है। दो दिन पहले 17 डिग्री सेल्सियस के इर्दगिर्द रहने वाला न्यूनतम तापमान सोमवार को 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानी जय प्रकाश गुप्ता के अनुसार तापमान के गिरने का सिलसिला अब निरंतर जारी रहेगा। अगले दो से तीन दिन में न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।

पछुआ हवाएं बढ़ा रही ठंड

मौसम विज्ञानी के अनुसार ठंड बढऩे की वजह शुष्क पछुआ हवाएं हैं। पश्चिमोत्तर के पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बर्फबारी के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। पछुआ हवाएं पहाड़ों की ठंड को गोरखपुर और आसपास के जिलों तक पहुंचा रही हैं। इसकी वजह से तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। सुबह से लेकर दोपहर तक चलने वाली नम पुरुआ हवाएं कोहरे की वजह बनकर ठंड बढऩे में सहयोगी बन रही हैं।

कर सकेंगे गेहूं की बोआई

मौसम विज्ञानी के मुताबिक ठंड का बढऩा किसानों के लिए उपयोगी होगा। जिनके खेत खाली हैं वह गेहूं की बोआई कर सकेंगे। ठंड बढऩे की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश में उच्च वायुदाब क्षेत्र बन रहा है। ऐसे में वातावरण में मौजूद धूल के कणों को विस्थापित होने का अवसर नहीं मिलेगा, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ सकता है। वहीं बढ़ती ठंड की वजह से बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का खास ख्याल रखना होगा।

तापमान अधिकतम न्यूनतम

10 नवंबर 28.0 18.0

11 नवंबर 28.5 17.7

12 नवंबर 28.5 17.6

13 नवंबर 28.2 14.1

13 नवंबर 28.2 13.0

ठंड बढऩे का सिलसिला शुरू हो चुका है। एक दो दिन में तापमान और गिरेगा। ऐसे में सभी लोग सावधानी बरतें। लापरवाही लोगों की सेहत को नुकसान पहुंचाएगी।

- जय प्रकाश गुप्ता, मौसम विज्ञानी