गोरखपुर (ब्यूरो).गोला एरिया की एक महिला बांसगांव के भटवली बाजार में संचालित आशा किरण हॉस्पिटल में भर्ती थी। महिला तीन माह से गर्भवती थी। महिला आरोप है कि आशा किरण हॉस्पिटल के डॉक्टर ने जांच कर बताया था कि बच्चे की धड़कन नहीं चल रही है। ऐसे में गर्भपात करना पड़ेगा। गर्भपात को लेकर महिला को भर्ती किया गया था। इस बीच किसी ने मामले की कंप्लेन हेल्थ डिपार्टमेंट से की। हेल्थ डिपार्टमेंट की तरफ से डिप्टी सीएमओ डॉ। एके सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा महिला अस्पताल में भर्ती है और उसे डिप चढ़ाया जा रहा है। इस पर टीम ने महिला को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बांसगांव भिजवाया। इस बीच अस्पताल संचालक और डॉक्टर मौके से भाग खड़े हुए। इस पर टीम ने वहां मौजूद कर्मियों से अस्पताल के पेपर मांगे, जिसे कोई दिखा नहीं सका। इस पर टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।

अयात क्लीनिक सील, कर्मी नहीं दिखा सके कोई पेपर

इसी अस्पताल बांसगांव रोड पर आयत क्लीनिक पर भी टीम पहुंची। टीम के पहुंचने से पहले डॉक्टर और संचालक मौके से भाग खड़े हुए। अस्पताल के कर्मी कोई भी पेपर नहीं दिखा सके। इस पर टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया है। साथ ही दोनों संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। डॉ। एके सिंह ने बताया कि महिला को गर्भपात के लिए भर्ती किया गया था। मामले में अस्पताल को सील कर दिया गया है। कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं, आशा किरण अस्पताल के संचालक व्यासमुनि ने बताया कि महिला की तबीयत खराब थी। इसलिए उसे भर्ती कर डिप चढ़ाया जा रहा था।