- एडीजी को फ्लैग मार्च के दौरान इलाकाई बुजुर्ग ने दी कई जानकारी

- इलाकाई अराजकतत्वों ने बाहरी अराजकतत्वों को इलाके में पनाह दी

KANPUR : यतीमखाना में प्रदर्शनकारियों को एक शख्स ने हिंसा के लिए उकसाया था। नमाज के बाद उसने ही भड़काऊ भाषण दिया था। जिसे सुनकर प्रदर्शनकारी इस कदर भड़क गए थे कि उन लोगों ने आगजनी करते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया था। यह खुलासा इलाके के एक बुजुर्ग ने एडीजी प्रेम प्रकाश से फ्लैग मार्च के दौरान किया। उसने अराजकतत्व का नाम बताया तो एडीजी ने उनको कार्रवाई का भरोसा दिया।

पुलिस नहीं बता रही है नाम

पुलिस अफसरों को खुफिया समेत अन्य एजेंसियों से इनपुट मिला था कि बगाही और यतीमखाना के हिंसक प्रदर्शन के पीछे बाहरी अराजकतत्व हैं। इस बीच फ्लैग मार्च के दौरान एक बुजुर्ग से अराजकतत्वों का नाम पता चलने से ये साफ हो गया है कि हिंसा में कुछ इलाकाई अराजकतत्व भी शामिल है। जिन्होंने बाहरी अराजकतत्वों को यहां पर पैठ बनाने में मदद की है। अब पुलिस ने इलाकाई अराजकतत्वों को पकड़कर बाहरी को पकड़ने की प्लानिंग की है। यह इलाकाई अराजकतत्व कौन हैं, इस बारे में पुलिस अफसरों का कहना है कि नाम सामने आने से वो फरार हो सकता है।

सर्विलांस से मिली कई जानकारी

पुलिस ने शक के आधार पर बगाही और यतीमखाना के कुछ लोगों के नंबर सर्विलांस पर लगाए थे। जिससे पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस को पता चला है कि इसमें से कुछ लोगों ने फोन कर-करके प्रदर्शनकारियों को भड़काने की कोशिश की है।