- मोतीझील चौराहे पर सड़क जाम की वजह से सैकड़ों वाहन फंसे

- नगर निगम मुख्यालय पर हंगामा काटा, अधिकारियों ने कराया शांत

KANPUR : नगर निगम कर्मियों द्वारा लाइसेंस शुल्क के नाम पर वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए ट्यूजडे को ऑटो चालक भड़क गए। पहले मोतीझील चौराहे पर जाम लगा दिया, बाद में नगर निगम मुख्यालय पहुंच कर हंगामा काटा।

दोपहर करीब 2 बजे भारी संख्या में ऑटो चालकों का हुजूम मोतीझील स्थित शिवाजी गेट के पास पहुंच गया। ऑटो आड़े तिरछे खड़े कर वहीं धरने पर बैठ गए। रोड जाम होने से सैकड़ों वाहन फंस गए। नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि नगर निगम सालाना 16 सौ रुपए लाइसेंस शुल्क लेता है। इसके बावजूद कर्मचारी उन्हें जगह-जगह रोक कर वसूली करते हैं। कई बार इसको लेकर विवाद भी हो चुका है।

उत्पीड़न न किया जाए

जाम लगने की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई। यह देख ऑटो चालक अपनी गाडि़यां लेकर नगर निगम पहुंच गए और वहां मुख्य द्वार के सामने हंगामा करने लगे। ऑटो चालकों का कहना था कि अधिकारी उनकी नहीं सुनते। कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो और उनका उत्पीड़न न किया जाए। बाद में नगर निगम अधिकारियों से उनकी बात हुई। उत्पीड़न न होने के आश्वासन पर शांत हुए, तब जाकर हंगामा खत्म हुआ।