कानपुर (ब्यूरो)। बैैंड-बाजा और बारातीतो आपना सुना और देखा होगा। गेट पर स्वागत के लिए तैयार खड़े जनाती भी आप जानते ही होंगे। लेकिन अगर किसी शादी में जनाती नगर निगम हो तो वो नजारा कुछ अलग ही होगा। दरअसल, 10 मार्च को मोतीझील लॉन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह होगा। इसमें नगर निगम बारातियों का स्वागत करते दिखेगा। क्योंकि समारोह के आयोजन की जिम्मेदारी इस बार नगर निगम को मिली है। खास बात यह है कि सात फेरे की तरह ही सात अलग अलग जिम्मेदारी भी अधिकारियों को दे दी गई हैं। सहायक नगर आयुक्त को नोडल इंचार्ज बनाया गया है। समारोह में पचास जोड़ों की शादी नगर निगम को करवानी है। हालांकि अब तक 41 जोड़े ही मिले हैं।

60 ने किया था आवेदन, 19 हुए रिजेक्ट
सामूहिक विवाह समारोह के नोडल इंचार्ज सहायक नगर आयुक्त विद्या सागर यादव ने बताया कि पचास जोड़ों का सलेक्शन किया जाना है। 60 जोड़ों ने ऑनलाइन आवेदन किया थे। वैरीफिकेशन के दौरान 19 जोड़ों को रिजेक्ट कर दिया गया। अभी वेरीफिकेशन चल रहा है, फिलहाल 41 जोड़ों की बारात मोतीझील लॉन में आएगी और वहीं से दुल्हन की डोली भी उठेगी।

हर अधिकारी को जिम्मेदारी
विद्या सागर ने बताया कि सीएम के सामूहिक विवाह योजना के तहत सेलेक्ट होने वाले कपल का आवेदन इस बार ऑनलाइन तरीके से किया जा रहा है। ऑनलाइन आवेदन के बाद उनकी डॉक्यूमेंट्स व अन्य डिटेल का वेरीफिकेशन भी कराया जा रहा है। ताकि इस स्कीम को कोई गलत तरीके से फायदा ना उठा सके। वेरीफिकेशन के साथ-साथ नगर निगम के अधिकारियों को सामूहिक विवाह के लिए सात फेरों की तरह सात अलग अलग जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।