- नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत सभी गंगा घाटों का होगा कायाकल्प

- गंगा आरती और मधुर भजनों के लिए साउंड सिस्टम लगाए जाएंगे

KANPUR : शहर की सीमा में बह रही गंगा के घाटों का नजारा बदलने की तैयारी हो रही है। जल्द ही घाट सतरंगी रोशनी में झिलमिलाते नजर आएंगे। गंगा आरती के आयोजन के लिए साउंड सिस्टम भी लगेंगे। घाटों पर वक्त भजनों की मधुर धुन भी सुनाई देगी। घाटों का यह नजारा श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा। घाटों का यह सुंदरीकरण प्रोजेक्ट नमामि गंगे के तहत होगा।

इंजीनियर्स इंडिया को जिम्मेदारी

प्लान को इम्पलीमेंट करने का काम इंजीनियर्स इण्डिया लिमिटेड को सौंपा गया है। नमामि गंगे प्रोजेक्ट का बजट पास कर दिया गया है और धन रिलीज होते ही कार्य शुरू कर ि1दया जाएगा।

स्नान के लिए बनेगा प्लेटफार्म

घाटों के सुन्दरीकरण के कार्य में सबसे पहले प्रवेश द्वार बनेगा। गंगा स्नान करने वालों के लिए प्लेटफार्म बनाया जाएगा। जिसमें सुरक्षा के लिए जंजीर भी लगेंगी। महिलाओं के स्नान के लिए अलग स्थान हर घाट पर होगा। चेंज रूम भी बनाया जाएगा। घाटों पर सुरक्षा के लिए गा‌र्ड्स की तैनाती की जाएगी।

नाव व मोटरबोट मिलेगी

इसके साथ ही गंगा की सैर करने वालों के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। जिसमें आधुनिक नाव व मोटरबोट भी मिलेंगी। गंगा का नजारा देखने के लिए डेक का भी निर्माण किया जाएगा। घाटों पर फूल, प्रसाद व अन्य वस्तुओं के दुकानदारों के लिए अलग स्थान चिन्हित किया गया है। एक कतार में यह सारी दुकानें होने से लुक भी बढि़या लगेगा। घाटों का किनारा हरियाली से भरपूर करने के लिए पौधे भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही घाट की रंगीन लाइटों से रोशन किया जाएगा। यह लाइट्स सोलर एनर्जी से जलेंगी।

रोज होगी गंगा आरती

हर घाट पर अब रोज गंगा आरती भी होगी। इसके लिए भी घाटों के सुन्दरीकरण के अंर्तगत प्लान बनाया गया है। साथ ही घाट पर हर वक्त भजन भी सुनाई देंगे। साउंड और पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगाया जाएगा।

इन घाटों का होगा कायाकल्प

सिद्धनाथ घाट - मेस्कर घाट

गोला घाट - भगवतदास घाट

गुप्तार घाट - सरसैया घाट

परमट घाट - मैगजीन घाट

भैरव घाट - गंगा बैराज घाट