-भूमाफिया और कारोबारी ने दी थी पिंटू सेंगर की हत्या की सुपारी

- पुलिस ने सफेदपोश कारोबारी पप्पू स्मार्ट को गिरफ्तार किया, भूमाफिया फरार

KANPUR : चकेरी में मंगलवार रात बसपा नेता पिंटू सेंगर पर जानलेवा हमला प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर हुआ था। भूमाफिया सऊद अख्तर और उसके साथी सफेदपोश कारोबारी पप्पू स्मार्ट ने शूटर गैंग को उसकी हत्या की सुपारी दी थी। पुलिस ने वारदात के बाद पप्पू स्मार्ट को तो दबोच लिया है, लेकिन भूमाफिया सऊद पुलिस के हाथ से फिसल गया। अब पुलिस सऊद समेत हमला करने वाले शूटर्स की तलाश कर रही है। पुलिस ने उनके ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन फिलहाल उनको कोई सफलता नहीं मिली।

पहले करीबी दोस्त थे दोनों

पुलिस के मुताबिक बसपा नेता पिंटू सेंगर पर जानलेवा हमला कराने वाला सफेदपोश कारोबारी पप्पू स्मार्ट पहले उसका करीबी दोस्त था। पिंटू, पप्पू स्मार्ट और सउद विवादित प्रॉपर्टी का काम करते हैं। पहले स्मार्ट की सऊद से दुश्मनी चलती थी। स्मार्ट कोई विवादित प्रॉपर्टी खरीदता था तो सऊद उस पर टांग अड़ा देता था। जिसे देख स्मार्ट ने पिंटू से हाथ मिला लिया। पिंटू के भी दबंग और तत्कालीन सत्ता पक्ष में अच्छी पकड़ रखने से सऊद ने स्मार्ट के मामलों में दखल देना बंद कर दिया। इसके बाद पिंटू और स्मार्ट की दोस्ती हो गई। पार्टी हो या कोई मीटिंग, हर जगह दोनों को साथ ही देखा जाता था। यहां तक पिंटू शाम को स्मार्ट की दुकान में ही बैठता था। करीब एक साल पहले ही स्मार्ट ने पिंटू से किनारा कर सऊद से हाथ मिला लिया था। स्मार्ट पर रेप का भी आरोप लग चुका है। छह महीने पहले पप्पू के सभी असलहों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए थे।

नए प्रोजेक्ट ने दोस्ती में दरार डाली

पुलिस के मुताबिक पिंटू सेंगर के दस्यु सुंदरी फूलनदेवी से अच्छे संबंध थे। फूलनदेवी पिंटू को भाई मानती थी। जब फूलन सांसद हुई। उस दौरान पिंटू ने स्मार्ट के साथ विवादित जमीन का काम किया था। इसके बाद दोनों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। दोनों एक के बाद एक विवादित जमीन पर हाथ डालते रहे। साथ ही उन लोगों ने प्लाटिंग करके भी मोटी कमाई की थी। सोर्सेज के मुताबिक स्मार्ट ने एक विवादित प्रॉपर्टी खरीदी थी। जिसमें पिंटू का भी पैसा लगा था। इसमें सऊद अड़ंगा डाले था। जिसे देख स्मार्ट ने विवाद को खत्म कराने के लिए पिंटू को डबल क्रॉस कर सऊद से हाथ मिला लिया। इसके बाद स्मार्ट ने विवाद खत्म कर प्रॉपर्टी को बेच दिया। इसमें पिंटू को हिस्सा नहीं मिला। जिसे लेकर दोनों में रंजिश पैदा हो गई।

--------------------

चांद में जमीन देकर चर्चा में आया था पिंटू

हमले में घायल हुए पिंटू का विवादों से पुराना नाता है। पहले दस्यु सुंदरी फूलनदेवी से करीबी संबंध होने से वो चर्चा में रहता था, लेकिन जब फूलन की मौत हो गई तो वो कुछ दिनों तक शांत रहा। इसके बाद उसने बसपा ज्वाइन कर ली। कुछ सालों पहले वो उस समय दोबारा चर्चा में आया। जब उसने बसपा सुप्रीमो के नाम पर चांद में जमीन बुक करा दी थी। जिस पर नाराज होकर बसपा सुप्रीमो ने उसे पार्टी से निकाल दिया था। हालांकि जुगाड़ लगाकर उसने बसपा की सदस्यता दोबारा ले ली थी।

डी-2 गैंग के लिए वसूली करता था सऊद

बसपा नेता के हमले में सऊद अख्तर का नाम आया है। सोर्सेज के मुताबिक सऊद डी-2 गैंग के सरगना रफीक का खास गुर्गा था। वो रफीक के लिए टेनरी में वसूली करता था। रफीक का हाथ होने से उसने जाजमऊ में तगड़ी पैठ बना ली। रफीक के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद वो कुछ दिनों तक शांत रहा और फिर उसने विवादित प्रॉपर्टी के बिजनेस में हाथ डाल दिया।

---

पुलिसवालों को देता था महंगे गिफ्ट

पप्पू स्मार्ट की हरजेंदर नगर में लेदर गुड्स की शॉप है। सूत्रों के मुताबिक, पप्पू की स्थानीय पुलिस में अच्छी पैठ है। वो पुलिस वालों को अक्सर जैकेट, जूते, बेल्ट और दूसरे महंगे गिफ्ट दिया करता था। गिफ्ट देकर पप्पू पुलिसवालों से दोस्ती करता था और बाद में उन्हें ढाल के रूप में प्रयोग करता था।