कानपुर (ब्यूरो)। सदी के साथ कोहरे का कहर भी बढ़ रहा है। सीएसए में घने कोहरे के बीच मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक की कार से कुचलने से मौत की घटना के 24 घंटे के अंदर एक और हादसा हो गया। पनकी इंड्रस्ट्रियल एरिया के पास ऑटो अनियंत्रित होकर नाले में पलट गया। जिससे चालक जख्मी हो गया। गनीमत रही कि ऑटो में कोई सवारी नहीं बैठी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन से ऑटो को बाहर निकालकर घायल को इलाज के लिए नर्सिंग होम भेजा। वहीं दूसरी घटना में काम से साइकिल से लौट रहे अधेड़ को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में
पनकी में मंगलवार रात करीब दस बजे तेज रफ्तार ऑटो पनकी से भौंती की ओर जा रहा था। इसी दौरान घना कोहरा होने की वजह से इंड्रस्ट्रियल एरिया के गहरे नाले में गिर गया। हादसा देख लोग शोर मचाते हुए भागे। लोगों ने सूचना पिकेट पुलिस को दी। थाना पुलिस ने क्रेन से ऑटो बाहर निकलवाया। पनकी इंस्पेक्टर रविंद्र प्रताप ने बताया कि घने कोहरे की वजह से हादसा हुआ। ऑटो में अगर सवारियां बैठीं होती तो बड़ी घटना हो सकती थी।

काली मठिया के पास
दूसरा हादसा काकादेव थानाक्षेत्र के शास्त्री नगर में हुआ। गड़रियनपुरवा की एक दुकान में काम करने वाले शास्त्री नगर निवासी 49 साल के अजय सिंह दुकान से साइकिल से जा रहे थे, तभी काली मठिया चौराहे पर रात में तेज रफ्तार बाइकसवार ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर उन्हें हैलट अस्पताल भिजवाया। जहां देर रात उनकी मौत हो गई।