एक्सक्लूसिव

- ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने के लिए तीन करोड़ से बना था सबस्टेशन

-सीएम ने किया था शिलान्यास, एक साल बाद भी चालू नहीं कर सका केस्को

-11 केवी सिस्टम का बनाया, डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर 6.6 केवी सिस्टम के

KANPUR: केस्को अफसरों की लापरवाही और सुस्ती की मिसालों की यूं तो कोई कमी नहीं है लेकिन इसका सबसे ताजा उदाहरण है फजलगंज में करोड़ों की लागत से बना सबस्टेशन है। ओवरलोडिंग की समस्या को हल करने के लिए बनाए गए इस सबस्टेशन को एक साल बाद भी केस्को चालू नहीं कर सका है। केस्को की इस लापरवाही का खामियाजा पब्लिक भुगत रही है। सबस्टेशन पर ताला ही लटका रहता है। ओवरलोडिंग के कारण लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ता है।

ऐसा विकास किस काम का

केस्को ने करीब एक साल पहले गिरधर कोल्ड स्टोरेज फजलगंज में नया सबस्टेशन बनाया। नया सबस्टेशन बनाने, पॉवर ट्रांसफॉर्मर, ब्रेकर, पैनल आदि लगाने में करीब 3 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इस सबस्टेशन का शिलान्यास चीफ मिनिस्टर अखिलेश यादव से कराया लेकिन आज तक ये सबस्टेशन चालू नहीं हो सका है। एक भी मोहल्ले में इस सबस्टेशन से पॉवर सप्लाई नहीं कर सका है।

ये है असली वजह

दरअसल केस्को ने गिरधर कोल्ड स्टोरेज फजलगंज में 33/11 केवी सिस्टम का सबस्टेशन बनाया है। लेकिन सबस्टेशन के आसपास मोहल्लों में पॉवर सप्लाई 33/6.6 केवी सिस्टम की है। 6.6 केवी सिस्टम के 70 डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर भी लगे हुए हैं। इंडस्ट्रियल एरिया भी होने की वजह से दर्जनों फैक्ट्री में अपने डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर लगे हुए है। सबस्टेशन चालू न होने की यही वजह है। पहले केस्को ने फैक्ट्री वालों पर 11 केवी सिस्टम के डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर खरीदकर लगाने का प्रेशर बनाया था। पर फैक्ट्री ओनर्स के विरोध के सामने दबाव काम नहीं आया।

पहले ट्रांसफॉमर्र तो बदले

फैक्ट्री ओनर्स के 6.6 केवी सिस्टम की जगह 11 केवी ट्रांसफॉर्मर न बदलने की वजह से अब केस्को ने खुद बदलने की तैयारी की है, लेकिन 70 नए डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर जुटाना भी केस्को के लिए आसान नहीं है। वह भी अलग-अलग कैपेसिटी 400, 250, 100, 63, 25 केवीए आदि के जुटाने हैं। केस्को के चीफ इंजीनियर योगेश हजेला ने बताया कि 6.6 केवी पॉवर सप्लाई सिस्टम बहुत पुराना है। इसमें लाइन लॉस काफी ज्यादा होता है। अब 11 केवी पॉवर सप्लाई सिस्टम ही यूज होते हैं। इसीलिए 11केवी सिस्टम का सबस्टेशन बनाया गया था। डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था कर ली गई है। जल्द ही लगाकर नया सबस्टेशन चालू किया जाएगा।