-हादसे में मृतक सात लोगों में चारों विवाहिता सगी बहनें थी

-एक विवाहिता की पति समेत मौत हुई, उनकी मासूम बच्ची अनाथ हुई

KANPUR : अयोध्या में हुए दर्दनाक हादसे ने कानपुर के छह परिवारों में कोहराम मचा दिया। मृतकों में ड्राइवर को छोड़कर सभी रिश्तेदार थे। मृतकों में चार शादीशुदा बहनें थीं। एक की पति समेत मौत हो गई, जबकि एक अन्य उनका करीबी रिश्तेदार है। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों का कलेजा फट गया। घरों में मातम पसर गया। परिजनों को समझ नहीं आ रहा था कि वे क्या करें? वे बच्चों को दिलासा दें या फिर लाश को घर में लाने का इंतजाम करें। कोई रोते-रोते बेहाल हो गया तो किसी के आंसू ही सूख गए थे। सबसे बुरा हाल बच्चों का था, उन्हें तो देर रात तक पता ही नहीं चला कि उसके सिर से अपनों का साया उठ गया।

साथ खेलकर बड़ी हुई और साथ ही चली गई

हादसे में मृतकों में विनीता, राज किशोरी, लीला और अशोका सगी बहने थीं। चारों की शादी हो चुकी है। रिश्तेदारों के मुताबिक चारों बहन होने के साथ ही सहेली भी थीं। चारों डेली एक दूसरे से बात करती थीं। किसी एक को परेशानी होती थी तो बाकी बहने उसके पास पहुंच जाती थी। एक रिश्तेदार का कहना है कि जैसे चारों एक साथ खेलकर बड़ी हुई हैं। उसी तरह चारों ने एक साथ दुनिया को छोड़ दिया।

उसे पता नहीं कि वो अनाथ हो गई

हादसे में भौती निवासी अशोका की पति तन्नो समेत मौत हुई है, जबकि उनकी मासूम बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसको इलाज के लिए हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है। उसको अभी मम्मी पापा की मौत के बारे में बताया ही नहीं गया है। वो बार-बार डॉक्टर से मम्मी पापा के बारे में पूछ रही है।

-------------------

बच्चे कर रहे मां को याद

हादसे में अशोका की बहन विनीता, राज किशोरी और लीला की भी मौत हो गई है। विनीता सनिगवां निवासी दीनानाथ की पत्नी थी। उसके एक बेटा अनुज (16) है। जिसके सिर से मां का साया उठ गया है। राज किशोरी हरदेव नगर निवासी किशन की पत्नी थी। उनके दो बेटे और दो बेटी हैं, जबकि लीला हनुमंत बिहार निवासी नागेंद्र की पत्नी थी। उनके दो बेटे दीपक और सत्यम हैं। इन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। जिसका पता चलते से उनका रो-रोकर बुरा हाल था। रिश्तेदार उनको संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनके आंसू थम नहीं रहे थे। हादसे में नागेंद्र और किशन भी घायल हुए हैं। उनके बच्चे मां का साया उठने के गम के बीच में उनका ख्याल रख रहे हैं।