- शिवराजपुर में जयमाल से ठीक पहले पता चला, दूल्हा है शादीशुदा

- पहली पत्नी भी जानकारी होने पर पहुंची और किया जमकर हंगामा

KANPUR: शिवराजपुर में ट्यूजडे रात एक शादी समारोह में उस समय अफरा तफरी मच गई। जब जयमाल के स्टेज पर दोस्तों ने ही दूल्हे की पोल खोल दी। दूल्हे की असलियत का पता चलते ही दुल्हन बेहोश होकर स्टेज पर गिर गई। वर और कन्या पक्ष के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा और बरात बैरंग लौट गई।

चार महीने पहले तय की थी शादी

दोनों पक्षों का घर कुछ किलोमीटर के फासले पर है। चार महीने पहले बेटी की शादी तय होने के बाद पिता ने भी वरीक्षा और तिलक और अन्य रस्में पूरी की थी। ट्यूजडे की शाम दूल्हा-बारात लेकर कन्या पक्ष के दरवाजे पहुंचा था। दूल्हे को लेकर उसके दोस्त स्टेज पर पहुंच गए। इस बीच सजी-धजी दूल्हन जयमाल लेकर सहेलियों के साथ स्टेज पर पहुंची। हल्के नशे में दोस्तों ने कहा कि दूल्हा तो शादी-शुदा है। उसके चे बच्चे है। ये बाद दुल्हन के कान में भी पहुंच गई।

जानकारी मिलते ही हंगामा

दोनों पक्षों के बीच तू-तू, मैं-मैं होने लगी। कुछ बाराती धीरे से खिसक गए। वहीं वर पक्ष पहली शादी न होने की बात कहता रहा तो लड़की पक्ष की ओर से दूल्हे की पहली पत्नी होने का दावा किया गया। इस बीच जानकारी मिलते ही दूल्हे की पहली पत्नी भी आ गई और दूसरी शादी होने की जानकारी पर हंगामा शुरू कर दिया।

पहली पत्नी को देख खुल गया भेद

पहली पत्नी के आने पर भेद खुलते ही दूल्हा और परिजन कोई उत्तर नहीं दे सके। ये सब देखकर दुल्हन गश खाकर गिर गई। लड़की पक्ष ने दूल्हे व घर वालों को कमरे में बंद कर लिया। मारपीट के हालात बनने पर बुजुर्गों ने समझौता कराया। शादी में खर्च हुए रुपये देने पर दूल्हे व उसके घरवालों को छोड़ा गया। शिवराजपुर एसओ कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, लड़की पक्ष तहरीर देगा तो मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।