कानपुर(ब्यूरो)। आधी आबादी को सुरक्षित रखने और डोमेस्टिक वायलेंस को पूरी तरह से खत्म करने के लिए योगी सरकार ने मिशन शक्ति शुरू किया था। जिसके तहत तमाम योजनाएं शुरू की गईं। महिलाओं की सुनवाई के लिए हर थाने में महिला हेल्प डेस्क बनाई गई, महिला इनफॉर्मर रखने का प्लान बनाया गया। पिंक चौकी और महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई। प्रबल प्रतिक्रिया एप शुरू किया गया। इसके बावजूद आंकड़े बयां कर रहे हैं कि पुलिस डोमेस्टिक और स्ट्रीट वायलेंस पर कंट्रोल नहीं कर सकी। बल्कि हत्या और लूट की वारदातों से कहीं ज्यादा घरेलू हिंसा के मामले सामने आए हैं। घरेलू हिंसा की वजह से महिलाओं की जान देने की संख्या में भी बढ़ोत्तरी पाई गई है।

हत्या और लूट के मामलों से ज्यादा
जनवरी 2023 से जून 2023 तक के क्राइम की बात की जाए तो कुल 40 हत्या के केस दर्ज किए गए हैं। वहीं लूट के 32 मामले दर्ज किए गए हैं। घरेलू हिंसा के इन छह महीनों में 42 केस दर्ज किए गए। इन सभी मामलों में ससुर, सास, पति, नंद और देवर आरोपी बनाए गए हैं। वहीं महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के 22 केस दर्ज किए गए हैं। रेप की बात की जाए तो छह महीने में 19 रेप दर्ज किए गए, जिसमें 13 मामलों में आरोपी पीडि़ता के जानने वाले ही पाए गए। ससुराल वालों से परेशान होकर 10 महिलाओं ने सुसाइड कर लिया। बीते छह महीनों में 22 चेन स्नेचिंग हुईं, जबकि 19 महिलाओं से मोबाइल या पर्स स्नेचिंग की वारदातें हुई हैं।

कभी दोस्ती में धोखा तो कभी घरवालों का सितम
महिला थाने की प्रभारी की माने तो 70 से 75 प्रतिशत मामले ऐसे आते हैं, जिनमें पीडि़ता की मर्जी रहती है। पहले दोस्ती और जब दोस्ती बिगड़ती है तो छेड़छाड़ और रेप के केस दर्ज कराए जाते हैं। इन सभी मामलों में पीडि़ता के जानने वाले या रिश्तेदार ही आरोपी होते हैं। केस तो दर्ज हो जाता है लेकिन परिवार का मामला होने की वजह से पीडि़ता पर दबाव पड़ता है और समझौते हो जाते हैं। कुछ महिलाएं ब्लैकमेल करने के लिए भी केस दर्ज करा देती हैं। ये मामले जांच के बाद ही दर्ज किए जाते हैं।

मिशन शक्ति को पूरी तरह से चलाया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जो भी आदेश शासन के द्वारा दिए गए हैं। उनका पालन किया जा रहा है।
बीपी जोगदण्ड, पुलिस कमिश्नर

बीते छह महीनों का हाल
-42 केस दर्ज किए गए घरेलू हिंसा के
-22 केस छेड़छाड़ के दर्ज किए गए
-19 मामले रेप के दर्ज किए गए
-13 रेप के मामलों मे आरोपी जानने वाला
-10 महिलाओं ने ससुराल में सुसाइड किया
-19 महिलाओं से मोबाइल या पर्स स्नेचिंग