- ट्रेंच न बनने से सबस्टेशन जोड़ने का काम अटका

- नए बने फूलबाग ट्रांसमिशन से केस्को के एक दर्जन सबस्टेशन जोड़े जाने हैं

KANPUR: स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में लेटलतीफी का खामियाजा करीब 10 लाख कानपुराइट्स को भुगतना पड़ रहा है। फूलबाग ट्रांसमिशन स्टेशन चालू होने के बावजूद अभी तक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत केबल बिछाने के लिए ट्रेंच नहीं बन सकी है। इसकी वजह से केस्को फूलबाग ट्रांसमिशन से अपने एक दर्जन सबस्टेशन तक केबल नहीं ले जा पा रहा है।

डबल सप्लाई की सुविधा

फूलबाग ट्रांसमिशन से केस्को के फूलबाग, झाड़ी पड़ाव कैंट, सरसैयाघाट, दालमंडी, शनिदेव मंदिर एक्सप्रेस रोड, घंटाघर, खासबाजार, छप्पर मूलगंज, ओईएफ, कोपरगंज आलूमंडी, म्योर मिल सिविल लाइंस सबस्टेशन जोड़े जाने हैं। इसके अलावा आरबीआई, उर्सला व केपीएम हॉस्पिटल के इंडिपेंडेंट फीडर भी फूलबाग ट्रांसमिशन से चलने हैं। जल्द से जल्द सबस्टेशंस को फूलबाग ट्रांसमिशन से कनेक्ट करने के लिए पहले से ही केस्को ने टेंडर प्रॉसेज शुरू कर दिया था। करीब 18 करोड़ से स्मार्ट सिटी एरिया में अंडरग्राउंड केबल बिछाने के लिए अन्य जगहों पर पोल व लाइन बनाई जानी है। लेकिन केस्को की इस प्लानिंग पर स्मार्ट सिटी के अंतर्गत ट्रेंच न बनने से पानी फिर गया है।

ट्रेंच जल्द बनाने का भरोसा

स्मार्ट सिटी एरिया से बाहर झाड़ी बाबा पड़ाव कैंट को फूलबाग ट्रांसमिशन स्टेशन से केस्को जोड़ सका है। बावजूद इसके अभी तक ट्रेंच बनाने का काम अटका है। केस्को के चीफ इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि ट्रेंच न बनने के कारण केस्को केबल बिछाने का काम नहीं कर पा रहा है। ओईएफ की लाइन भी कम्प्लीट की जा चुकी है। पर ट्रेंच न बनने के कारण उसे जोड़ा नहीं जा रहा है। इस मामले की जानकारी म्यूनिसिपल कमिश्नर व एडीशनल म्यूनिसिपल कमिश्नर को दी गई है। उन्होंने जल्द ही ट्रेंच बनवाने का भरोसा दिया है।