फ्लैग- स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस की मुस्तैदी की खुली पोल

-रायपुरवा के झण्डे वाली गली में हुई वारदात

-मां को बेटे की हत्या की भनक तक नहीं लगी

-कमरे में खून से सना शव मिला, पुलिस पड़ताल में जुटी

-ट्रस्ट के मकान को खाली करने की रंजिश सामने आ रही

KANPUR :

शहर में स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस कितनी मुस्तैद थी। इसकी पोल रविवार को उस समय खुल गई। जब रायपुरवा में एक पेंटर की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। वो बेवा मां के साथ रहता था, लेकिन बदमाशों ने इतनी सफाई से वारदात को अन्जाम दिया कि उसकी मां को भी भनक नहीं लगी। उसकी मां कमरे में सोती रही और बदमाश उसकी निर्मम हत्या कर निकल गए। सुबह इलाकाई लोग उसे बुलाने के लिए घर गए तो उसका खून से सना शव कमरे में पड़ा था। जिसे देख वे दहल गए। सूचना पर एसओ और सीओ ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर जाकर जांच की। एसएसपी भी एसपी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच कर जल्द ही वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया।

मां के साथ अकेला रहता था

रायपुरवा के झंडे वाली गली में रहने वाले दुर्गा शंकर तिवारी (45) पेंटर थे। उनके परिवार में मां तारा देवी और चार बहनें हैं। चारों बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि दुर्गा ने शादी नहीं की है। वो बेवा मां के साथ रहते हैं। उसकी मां 99 साल की है। उनको ठीक से दिखाई नहीं देता है। रविवार को मां के साथ खाना खाने के बाद दुर्गा सोने चला गया था, जबकि मां दूसरे रूम में सोने चली गई। सुबह इलाकाई लोग दुर्गा को बुलाने घर पहुंचे थे। उन्होंने दुर्गा को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर वे उसे बुलाने के लिए घर के अन्दर चले गए। जहां रूम में उसका खून से सना शव देख उनके होश उड़ गए। आनन फानन में उन्होंने कंट्रोल रूम में सूचना दी तो एसओ और सीओ ने फोर्स समेत मौके पर जाकर फोरेंसिक टीम के साथ पड़ताल की। कुछ ही देर में एसएसपी भी वहां पहुंच गए। उन्होंने जल्द खुलासा करने का भरोसा ि1दलाया है।

धारदार हथियार से की गई हत्या

बदमाशों ने धारदार हथियार से दुर्गा की हत्या की है। उसके गले समेत शरीर के अन्य हिस्सों में मिले घाव के निशानों से इसकी पुष्टि हो रही है। सोर्सेज के मुताबिक उनके शरीर में करीब चार घाव के निशान मिले हैं।

रंजिश का इशारा कर रही है परिस्थितियां

दुर्गा के घर पर न तो कोई सामान बिखरा था और न ही कोई सामान गायब है। इससे लूट के इरादे से हत्या की पुष्टि नहीं होती है। अब पुलिस आपसी रंजिश और प्रापर्टी विवाद में हत्या का शक जताकर पड़ताल कर रही है। दुर्गा ट्रस्ट के मकान में रहता था। सोर्सेज के मुताबिक एक इलाकाई दबंग मकान में कब्जा करना चाहता है। वो दुर्गा पर मकान खाली करने का दबाव बना रहा था, लेकिन वो मकान खाली नहीं कर रहा था। माना जा रहा है कि इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई है।